
संवाददाता।
कानपुर। नगर में मतदेय स्थलों पर आधार भूत सुविधाओं को दुरूस्त कराने के लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ सररैयाघाट स्थित सभागार में बैठक की। उन्होंने कहा सभी केंद्रों पर बिजली ,छाया, शौचालय, रैंप, पानी आदि की व्यवस्थाएं पूरी हों, इसमें किसी तरह की लापरवाही न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि छाया, शौचालय, पानी के साथ बुजुर्गों एवं दिव्यांगों के लिए रैंप की व्यवस्था भी करायी जाए। ग्रामीण क्षेत्र में पंचायती राज अधिकारी को व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने के निर्देश दिए। सभी खण्ड अधिकारी अपने क्षेत्र के केंद्रों का निरीक्षण करेंऔर अव्यवस्थाओं को दूर करने के निर्देश दिए। लोकसभा चुनाव के मतदान से पहले स्ट्रांग रुम की व्यवस्था देखने के लिए शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह नौबस्ता स्थित नवीन गल्ला मंडी पहुंचे। उन्होंने सभी स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। जो खामियां मिलीं उन्हें तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए। डीएम ने समस्त सहायक रिटर्निग अधिकारियो को निर्देश दिए कि अपनी-अपनी विधानसभा के स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर कमियों को दूर कराएं। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पुलिस से समन्वय बनाकर मंडी स्थल में चारों तरफ बैरिकेडिंग लगाएं। सभी स्ट्रांग रूम के पीछे के दरवाजे की ईट-सीमेंट से चुनाई कराएं। एडीएम फाइनेंस को सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा। अपर नगर आयुक्त नगर निगम एवं आरटीओ को बस पार्किंग स्थल निरंकारी आश्रम का निरीक्षण कर पार्किंग व्यवस्था सही कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ सुधीर कुमार, डीसीपी यातायात अंकिता मिश्रा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रखर कुमार सिंह, एडीएम सिटी राजेश कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।










