
संवाददाता।
कानपुर। नगर मे डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर, 2 ब्लॉक किदवई नगर में दो दिवसीय ‘चेस इन स्कूल’ का समापन शुक्रवार को हुआ। प्रतियोगिता में स्कूल का ‘पुनेब्रा हाउस’ लगातार दूसरी बार विजेता ट्रॉफी जीतने में सफल रहा। दो दिन तक चली इस प्रतियोगिता में 5 राउंड के मुकाबले खेले गए। इसमें कक्षा 4 से 12 तक के कुल 215 खिलाड़ियों (115 बालक व 90 बालिकाओं) ने हिस्सा लिया था। कक्षा 4 से 5 बालिका वर्ग में मरीन हाउस 14 अंकों के साथ प्रथम व बालक वर्ग में भी मरीन हाउस 18 अंकों के साथ प्रथम रहा। इसी तरह कक्षा 6 से 8 के मुकाबले में बालिका वर्ग में नगृरेटा हाउस 14 अंकों के साथ व बालक वर्ग में वलिटा हाउस 15.5 अंकों के साथ विजेता बना। कक्षा 9 से 12 में बालिका वर्ग में नगृरेटा हाउस 14.5 अंकों के साथ प्रथम व बालक वर्ग में पुनेब्रा हाउस 15 अंकों के साथ प्रथम स्थान पर आया। स्कूल की प्रधानाचार्य शर्मिला नंदी ने विजेता व उपविजेता हाउस को ट्रॉफी प्रदान कर बच्चों का उत्साह वर्धन किया। इसके उपरांत चीफ आर्बिटर कुसुम शर्मा ने विजेता हाउस को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। कानपुर चेस एसोसिएशन के सचिव दिलीप श्रीवास्तव ने स्कूल की प्रधानाचार्य व स्कूल के प्रबंधन का आभार व्यक्त किया और कहा कि विद्यालय लगातार दूसरे वर्ष भी इस प्रतियोगिता के आयोजन कराने में सफल रहा है। इस अवसर पर स्कूल के क्रीड़ा अध्यापक आर पांडेय, मिस शिफाली, आलोक गुप्ता, सहायक आर्बिटल बाल गोविंद अवस्थी, कमल खेमानी, राजेश शर्मा व शशांक श्रीवास्तव मौजूद थे।










