
संवाददाता।
कानपुर। नगर मे पुलिस ने एक बार फिर इरफान सोलंकी गैंग पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इरफान सोलंकी के पार्टनर शौकत पहलवान की ग्वालटोली थाने में हिस्ट्रीशीट खोली है। इरफान सपा महिला विंग की पूर्व जिलाध्यक्ष नूरी शौकत के पिता हैं। जाजमऊ निवासी नजीर फातिमा के प्लॉट में बनी झोपड़ी में आग लगाने के मामले में सपा विधायक इरफान सोलंकी, उसका भाई रिजवान, ग्वालटोली के सूटरगंज निवासी शौकत अली उर्फ शौकत पहलवान समेत सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इस मामले में आरोपी सपा विधायक महाराजगंज और बाकी आरोपी कानपुर जेल में बंद हैं। शौकत के खिलाफ आगजनी के अलावा आधार कार्ड में धोखाधड़ी, नई सडक़ हिंसा, मारपीट, गैंगस्टर, लूट, हत्या का प्रयास, लोक संपत्ति अधिनियम, रंगदारी समेत गंभीर धाराओं के नौ मामले दर्ज हैं। पुलिस कमिश्नर हरीश चन्दर ने बताया कि माफिया शौकत अली के अपराधिक गतिविधियों के चलते ग्वालटोली थाने में हिस्ट्रीशीट खोली गई है। उसका एचएस नंबर 56 ए है। इरफान के काले कामों में शौकत पहलवान की भी बराबरी की हिस्सेदारी थी। इसके चलते इरफान के गैंग में शौकत पहलवान का भी नाम शामिल है। पुलिस ने शौकत की हिस्ट्रीशीट खोलकर अब और शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कानपुर में इरफान के पार्टनर शौकत के घर में भी ईडी ने रेड की थी। घंटों जांच-पड़ताल के बाद काले कारनामों का कच्चा चिट्ठा जुटाया था। ईडी ने कानपुर में इरफान सोलंकी के घर के साथ ही बिल्डर हाजी वसी और शौकत पहलवान के यहां छापा मारा था।










