September 8, 2024

संवाददाता।

कानपुर। नगर में नौबस्ता-हमीरपुर हाईवे पर एक एम्बुलेंस 8 घंटे तक जाम में फंसी रही। एम्बुलेंस में लेबर पेन से तड़प रही महिला की डिलीवरी करानी पड़ी। इलाज न मिलने के कारण नवजात की एम्बुलेंस में ही मौत हो गई। दरअसल, सागर हाईवे पर नौबस्ता में मेट्रो निर्माण का काम चल रहा है। इसके चलते घाटमपुर से रूट डायवर्ट किया गया। हालांकि, डायवर्जन के बाद भी बिधनू में सैकड़ों वाहन फंस गए। इसी दौरान किसान नगर रोड पर जाम में एम्बुलेंस फंस गई। वहीं, जाम में एक और एम्बुलेंस भी फंसी रही। इसके कारण प्रेग्नेंट महिला की अस्पताल गेट पर ही डिलीवरी हो गई। हालांकि, इस मामले में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है। यह जाम धोबिन पुलिया से लेकर शम्भूहा पुल तक 15 किलोमीटर तक लगा था। जाम गुरुवार देर रात करीब 3 बजे लगा, जो शुक्रवार सुबह 11 बजे तक लगा रहा। पुलिस ने जाम खुलवाने के लिए बिधनू नहर से रामसनेही मिश्र मार्ग से किसान नगर की तरफ भारी वाहनों को डायवर्ट कर दिया। इसके चलते रामसनेही मार्ग पर भी जाम लग गया। इस बीच सचेंडी के पलरा गांव निवासी कमलेश की गर्भवती पत्नी सोनी (35 वर्ष) को प्रसव पीड़ा होने लगी। इस पर आशा बहू संगीता ने कंट्रोल रूम पर फोन कर एम्बुलेंस बुलवाई। एम्बुलेंस से महिला को अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी गाड़ी जामू नहर पुल के पास फंस गई। जाम में फंसे सचेंडी के पलरा गांव निवासी कमलेश ने बताया, उनकी 35 वर्षीय गर्भवती पत्नी सोनी को प्रसव पीड़ा होने पर वह आशा बहू संगीता के साथ एम्बुलेंस से बिधनू सीएचसी जा रहे थे। तभी वह जाम में फंस गए। इस बीच प्रसव पीड़ा बढ़ने लगी तो आशा बहू और मेरी मां ने सुबह करीब 4 बजे डिलीवरी कराई। डिलीवरी के बाद एम्बुलेंस घंटों जाम में फंसी रही। इससे नवजात को समय पर इलाज नहीं मिल पाया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जाम खुलने के बाद महिला को बिधनू सीएचसी में भर्ती कराया गया। उसका इलाज चल रहा है। बच्चे की मौत सुबह करीब साढ़े 7 बजे हुई है। बिधनू के डॉक्टर नीरज सचान ने बताया, प्रेग्नेंट महिला को लाने के लिए एम्बुलेंस गई थी। लापरवाही के कारण बच्चे की मौत हुई है। मामले की जांच करके लापरवाही करने वाले लोगों पर कार्रवाई करनी चाहिए। घाटमपुर एसीपी रंजीत कुमार ने बताया, कानपुर और उन्नाव जाने वाले वाहनों को कानपुर भेजा जा रहा है। लखनऊ जाने वाले वाहनों को फतेहपुर भेजा जा रहा है। अगर डायवर्जन में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आई तो कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *