
संवाददाता।
कानपुर। नगर में सपा विधायक इरफान सोलंकी के कानपुर के घर की कीमत 14 करोड़ रुपए है। ईडी को इरफान के घर से एक डायरी मिली है। इसमें इरफान की हैंड राइटिंग है। इस डायरी में इरफान की काली कमाई से जुड़े अहम राज ईडी को मिले हैं। यही नहीं, इरफान की पत्नी नसीम भी अब ईडी की रडार पर आ चुकी हैं। दावा किया जा रहा है कि ईडी की कानपुर में यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। 6 महीने से ईडी इस रेड की पटकथा तैयार कर रही थी। कानपुर में इरफान सोलंकी के अलावा उनके भाई और कारोबारी साथियों के 5 ठिकानों पर ईडी ने एक साथ गुरुवार को रेड डाली। जबकि बाकी ठिकाने मुंबई के थे। करीब 45 गाड़ियों से ईडी अफसर कानपुर पहुंचे। जांच में ईडी को 6 साल में 50 करोड़ कैश के ट्रांजेक्शन मिले। इरफान की आय नहीं बढ़ी, लेकिन प्रॉपर्टी 228 गुना बढ़ गई। ईडी के अफसर 14 मोबाइल साथ ले गए। 2 प्रॉपर्टी रजिस्ट्री के पेपर समेत कई अहम दस्तावेज भी टीम साथ ले गई। इरफान और रिजवान के अलावा सपा नेत्री नूरी और बिल्डर हाजी वसी के घरों पर भी छापामारी हुई। गुरुवार रात करीब 8 बजे ईडी की टीम इरफान के घर से बाहर आईं। छापेमारी के दौरान इरफान की पत्नी नसीम सोलंकी पति से मिलने महराजगंज जेल गईं हुई थीं। जाजमऊ स्थित इरफान के घर पर 7 गाड़ियों से ईडी की टीम पहुंची। लोहा काटने का कटर, प्रिंटर बाहर से मंगवाए गए। दरअसल, घर के अंदर रखी एक अलमारी की चाबी नहीं मिली थी। इसलिए लॉक को कटर से काट दिया गया। यहां प्रॉपर्टी के पेपर मिले। इनमें 2 प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री टीम ने जब्त की। इस घर में मौजूद दस्तावेजों की मदद से 6 साल में 50 करोड़ के कैश ट्रांजैक्शन मिले। ईडी की जांच में सामने आया कि इरफान ने 6 लाख की आय पर आयकर रिटर्न भरा, जबकि 2015 से 2023 के बीच 12.5 करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ। टीम ने 26 लाख कैश भी जब्त किया। इरफान के भाई रिजवान 10 करोड़ के घर में रहते हैं। 1 टीम मुंबई में इरफान के घर पहुंची। यहां करीब 5 करोड़ की संपत्तियां मिलीं। सूत्रों के मुताबिक, ईडी टीम छापेमारी के बाद अपने साथ करीब 14 मोबाइल ले गई है। इसमें भाई अरशद सोलंकी के मोबाइल भी हैं। इरफान सोलंकी के ड्राइवर अनीश ने बताया है कि टीम ने घर में रखे सभी दस्तावेज जांचे थे। संपत्तियों के कागजात, बैंक डिटेल वह अपने साथ ले गए। दरअसल, इरफान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस जांच में करीब 200 करोड़ रुपए की संपत्ति होने का अनुमान सामने आया था। पुलिस ने करीब 150 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त भी की थी। 6 महीने पहले संपत्तियों की एक रिपोर्ट पुलिस ने ईडी को भेजी थी। इसके बाद से ही ईडी ने अंदरखाने जांच शुरू कर दी थी। ईडी ने अपनी छानबीन पूरी होने के बाद गुरुवार को रेड डाली। यह सब बेहद गोपनीय तरीके से हुआ। जिस लोकल पुलिस की रिपोर्ट पर जांच हुई। छापमारी से पहले उन्हें भी जानकारी नहीं दी गई। ईडी के मुताबिक, इरफान और उनके करीबियों ने कई निजी और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे करके करोड़ों की संपत्तियां बनाई। राजनीतिक रसूख के सहारे इरफान ने आलीशान कोठियां खड़ी की। ईडी टीम अपने साथ आर्किटेक्ट और वैल्युवर को भी लाई थी। इरफान और भाई रिजवान सोलंकी 1000-1000 वर्ग मीटर में फैली 3 फ्लोर की आलीशान कोठियों में रहते हैं। इरफान के घर की कीमत 14 करोड़ जबकि रिजवान के घर की कीमत 10 करोड़ आंकी गई है। ईडी ने कार्रवाई के दौरान घर से इरफान की राइटिंग में कई डायरियां भी बरामद की। इसमें प्रॉपर्टी के कागजात भी शामिल हैं। डायरी में 6 सालों में 50 करोड़ रुपए नगद खर्च की डिटेल मिली। कई रसीदों को भी जांच एजेंसी ने जब्त कर लिया। इसमें पार्टनरशिप में इंवेस्टमेंट, प्रॉपर्टी के सौदे समेत अन्य अहम जानकारियां हैं। ईडी सूत्रों के मुताबिक, इरफान के घर से कंम्प्यूटर हार्ड डिस्क भी जब्त की गईं। इसमें 5 करोड़ के लेनदेन के सबूत मिले हैं। विदेशों में भी रकम भेजने के सबूत मिले हैं। ये पैसा किन अकाउंट और किनको भेजा गया है। इसकी जांच शुरू कर दी है। ईडी के मुताबिक पीएमएलए केस की जांच में पता चला है कि वर्ष 2016-22 के बीच इरफान की संपत्तियां 228 प्रतिशत बढ़ीं, जबकि आय में कोई इजाफा नहीं हुआ। शुरुआती जांच में इस बात के भी सबूत मिले हैं कि इरफान ने बेनामी तरीके से संपत्तियां बड़े पैमाने पर खरीदी हैं। फर्जी नामों का इस्तेमाल कर अवैध रूप से करोड़ों रुपए कमाए। इस छापेमारी के बाद इरफान सोलंकी की पत्नी भी रडार पर आ गई हैं। दरअसल, कानपुर हिंसा का मुख्य आरोपी रहा हाजी वसी की कंस्ट्रक्शन कंपनी हमराज कंस्ट्रक्शन में विधायक की पत्नी नसीम सोलंकी डायरेक्टर थी। कानपुर हिंसा में भी हाजी वसी की जांच के दौरान नसीम सोलंकी का नाम उछला था। इसके बाद नसीम ने डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया था। इरफान और शौकत अली उर्फ शौकत पहलवान के काफी पुराने रिश्ते हैं। ईडी ने ग्वालटोली स्थित शौकत के घर पर भी छापेमारी की। यहां से भी ईडी को कई अहम सबूत मिले हैं। विधायक ने शौकत के साथ मिलकर जाजमऊ में बड़े पैमाने पर अपार्टमेंट खड़े किए और संपत्तियों की खरीद-फरोख्त की। पुलिस ने विधायक पर गैंगस्टर की कार्रवाई भी की थी। विधायक की गैंग में शौकत अली का भी नाम दर्ज है। शौकत फिलहाल विधायक के साथ देने पर कानपुर जेल में बंद है। शौकत सपा नेत्री नूरी के पिता हैं। पुलिस ने पिछले साल शौकत के बनाए करीब 30 अपार्टमेंट भी जब्त किए थे। इसमें विधायक भी पार्टनर थे।