
संवाददाता।
कानपुर। नगर में कल यानी 28 मार्च से तेज हवा के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है। कल से 31 मार्च तक पश्चिमी यूपी के 10 जिलों- सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा में बारिश की संभावना है। वहीं 10 अप्रैल के बाद से यूपी में लू भी चल सकती है। मार्च की पहली तारीख को अधिकतम पारा 29 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस था। उसके बाद लगातार उतार-चढ़ाव जारी रहा। 21 मार्च से तापमान तेजी से ऊपर की चढ़ा। सुबह चलने वाली हवाओं के बीच दिन में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। चार दिनों में अधिकतम तापमान छह डिग्री बढ़ा है। इसी तरह न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 16 डिग्री तक पहुंच गया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक गया, इसके चलते दोपहर में गर्मी भी महसूस की गई। हालांकि बीते मंगलवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी पछुआ हवाओं के साथ 5.8 किमी ऊपर बना हुआ है। इसी तरह पूर्वोत्तर में असम ओर आसपास के इलाकों में चक्रवाती हवाएं भी चल रही हैं। मध्यप्रदेश और इसके आसपास के क्षेत्रों में हवाओं का असर बना है, जो 29 मार्च तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसके बाद से ही मौसम में थोड़ा बदलाव नजर आएगा। 31 को पूर्वी यूपी के कई जिलों में भी बारिश के आसार बने हुए हैं। बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो प्रयागराज का अधिकतम तापमान इस सीजन में सबसे अधिक रहा, यहां 38.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मुजफ्फरनगर का न्यूनतम तापमान सबसे कम 14.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।