संवाददाता।
कानपुर। नगर में होली मिलन समारोह का आयोजन होली के मौके पर महापौर प्रमिला पांडेय ने किया। नगर निगम गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भी शिरकत करने पहुंचे। इस दौरान रंग से सरोबार प्रमिला पांडेय को देखकर वे डर गए। उन्होंने महापौर से मजाक में कहा, मैं तो डर गया। महापौर ने ‘मुरलिया दे दो न ध्यान गाने पर जमकर डांस किया। इस दौरान फूलों की होली भी खूब खेली गई। महापौर ने पार्षदों व अतिथियों को अबीर गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दी और लोगों के साथ फूलों की होली खेली। होली मिलन के बहाने सियासी होली भी जमकर खेली गई। भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी भी कार्यक्रम में पहुंचे। टिकट घोषित होने के बाद ये महापौर और रमेश अवस्थी की पहली मुलाकात थी। इससे पहले स्वागत कार्यक्रम में भी महापौर नहीं पहुंचीं थीं। होली मिलन के दौरान महिला मोर्चा की तरफ से जमकर अबीर गुलाल उड़ाया गया। होली मिलन समारोह में महापौर ने कहा कि होली रंगों का त्योहार है आपसी भाईचारे का त्योहार है। यही वजह है कि भारत की संस्कृति श्रेष्ठ मानी जाती है। समारोह में वर्तमान, पूर्व पार्षद, नगर निगम एवं जलकल के अधिकारी, नगर निगम के कर्मचारी संगठन एवं भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न मोर्चा के पदाधिकारी भी सम्मिलित हुए। समारोह में विधायिका नीलिमा कटियार, नवीन पंडित, सौरभ देव, कमलेश त्रिवेदी, पार्षद सरोज सिंह, जिलाध्यक्ष, भाजपा महिला मोर्चा (उ0), प्रियंका सिंह, प्रीति साहू समेत अन्य मौजूद रहे।