September 20, 2024

संवाददाता।
कानपुर। नगर के चकेरी थाना क्षेत्र में किसान सुसाइड कांड में मुख्य आरोपी भाजपा नेता आशु दिवाकर उर्फ प्रियरंजन की गिरफ्तारी नहीं होने पर शनिवार को मृतक की बेटियों ने मुख्यमंत्री को खून से पत्र लिखा। परिवार के लोगों ने खून से पत्र लिखकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इंसाफ की मांग की है। मृतक की पत्नी और बेटियों का कहना है कि अगर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह भी पिता की तरह सुसाइड करने को मजबूर हो जाएंगी। चकेरी के रहने वाले किसान बाबू सिंह यादव की मौत के 15 दिन बाद भी पुलिस मुख्य आरोपी भाजपा नेता आशु उर्फ प्रियरंजन दिवाकर की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। इससे आक्रोशित पत्नी बिटान देवी, बेटी काजल, न्याय संघर्ष समिति के अध्यक्ष अभिमन्यु गुप्ता, फतेह बहादुर गिल की मौजूदगी में मुख्यमंत्री को परिवार ने खून से पत्र लिखा। बेटी काजल ने पत्र में लिखते हुए मुख्यमत्री से पूछा कि हमारे साथ अन्याय क्यों होने दे रहे हैं, हमको अनाथ बनाने वाले भाजपा नेता प्रियरंजन दिवाकर उर्फ आशु, शिवम चौहान की अरेस्टिंग क्यों नहीं हो रही है। क्या आपकी पार्टी उनके साथ है, क्या हमें न्याय नहीं मिलेगा, पुलिस उनकी गिरफ्तार क्यों नहीं कर पा रही है, आज हम बेटियों ने मजबूर होकर मुख्यमंत्री को खून का पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है। बेटियों ने कहा कि अगर हमें इंसाफ नहीं मिला तो हम भी पिता की तहर सुसाइड कर लेंगे। वहीं, बेटी रूबी ने कहा की मुख्यमंत्री जी हम दोनों बेटियों की जिंदगी और परिवार को तबाह करने वाले भाजपा नेता प्रियरंजन आशु और उसके गैंग को बचाकर क्या मिल जाना है। क्या हम बेटियां अब खून बहाने को मजबूर हो जाएं। पत्नी बिट्टन ने कहा की सरकार और पुलिस उनके साथ हुए अन्याय और तकलीफ के प्रति संवेदनहीन है। पत्नी ने कहा की हैरत है की अभी तक उसको सरकारी पद से नहीं हटाया गया। दिवंगत किसान बाबू सिंह यादव की आत्महत्या के 15 दिन पूरे होने के बाद भी मुख्य आरोपी भाजपा नेता प्रियरंजन दिवाकर उर्फ आशु की अरेस्टिंग नहीं हो सकी है। परिवार के लोगों का कहना है कि पुलिस ने दो दिन का समय और मांगा है। अगर दो दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तो पुलिस और भाजपा के खिलाफ सड़क पर उतरेंगी। इसके साथ ही पिता की इंसाफ की लड़ाई अब पब्लिक के साथ लड़ेंगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *