July 3, 2025

कानपुर। शीत लहर के बाद पूरे देश में मोदी लहर का व्यापक प्रभाव है। सपा और कांग्रेस का परिवारवादी गठबंधन भाजपा के राष्ट्रवाद का मुकाबला नहीं कर सकता है। अबकी बार लोकसभा में जैसे ही एनडीए चार सौ से अधिक सीटें जीतेगा वैसे ही विपक्षी इंडी गठबंधन विखर जाएगा। रही बात उत्तर प्रदेश की तो यहां की जनता ने सभी 80 सीटों पर विपक्षी दलों के लिए नो वैकेंसी का बोर्ड लगा रखा है। यह बातें रविवार को कानपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने कही।

गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज सभागार में रविवार को भाजपा कानपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रबुद्ध समागम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि विपक्षी पार्टियां कहती है कि भाजपा डिक्टेटरशिप वाली पार्टी है। वे लोग शायद भूल गए कि सपा सरकार में वे कहते थे कि अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता है। क्या अयोध्या में राम भक्त कार्यसेवकों पर गोली चलाना, भगवान श्री राम का नाम लेने वाले राम भक्तों को जेल में डाल देना, सन 1975 में इमरजेंसी के समय मीडिया द्वारा एक लाइन लिख देने पर जेल भेजना क्या यह डिक्टेटर नहीं था। जबरदस्ती रास्ते चलते लोगों को पकड़ पकड़ कर नसबंदी कराना डिक्टेटर नहीं था। आज देश को एकता और अखंडता को मजबूत करने का प्रयत्न हो रहा है। विपक्षी पार्टियों को भली भांति पता है कि इस बार का लोकसभा चुनाव कोई भी राजनीतिक पार्टी नहीं लड़ रही है बल्कि देश की जनता स्वयं लोकसभा चुनाव लड़ रही है। एनडीए देश में 400 से अधिक सीटें जीत कर तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है।

आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जाति और धर्म के आधार पर नहीं बल्कि क्रिया और कर्म के आधार पर देश में चौमुखी विकास हुआ है। सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभ से गरीबों के जीवन स्तर में लगातार सुधार हो रहा है। विपक्षी पार्टियां पहले उत्तर प्रदेश को उल्टा प्रदेश कहते थे लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद आज लोग उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश कह रहे हैं। प्रदेश में साढ़े पांच लाख सरकारी नौकरी दी गई। साढ़े तीन करोड लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार दिया गया।

उन्होंने कहा कि हिटलर की मानसिकता सपाई मानसिकता थी। अब सपाई मानसिकता समाप्त हो चुकी है। आज देश राम का देश है। आज का भारत विवेकनंद, दीनदयाल उपाध्याय, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की मानसिकता वाला देश है। उन्होंने कहा कि हिटलर मानसिकता वाले लोगों का युग समाप्त हो चुका है। भाजपा का प्रत्याशी कमल का फूल है। पार्टी कार्यकर्ता को ही टिकट मिलेगा। पार्टी में पद से ज्यादा काम महत्वपूर्ण है।

इस दौरान शहर के उद्योगपति, व्यापारी, चिकित्सक, प्रोफेसर, शिक्षक, अधिवक्ता, प्रमुख खिलाड़ी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रमुख, सामाजिक संस्थाओं के प्रमुख मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News