
संवाददाता।
कानपुर। प्रदेश में एक बार फिर मौसम में बदलाव हुआ है। 24 घंटे में 9 शहरों में बारिश हुई। सर्द हवाएं चल रही हैं, इसकी वजह से यूपी का औसत तापमान 8°C तक गिर गया है। शुक्रवार को यूपी के पूर्वांचल के कुछ शहरों में बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को बलिया में सबसे अधिक 15 मिमी. बारिश दर्ज की गई। जबकि गोरखपुर में 14 मिमी. बारिश हुई। कुशीनगर और वाराणसी में भी बारिश हुई। यूपी में औसतन 0.4 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई। 1 से 22 मार्च तक प्रदेश में 15.5 मिमी. बारिश हुई। जो औसत बारिश 6.9 मिमी. से 124 फीसदी ज्यादा है। ये आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है। क्योंकि मार्च में आगे भी बारिश की संभावना बन रही है। वहीं 25 से 30 की रफ्तार से तेज हवाएं चलती रहेंगी। सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक अभी होली तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, उड़ीसा में बारिश के बाद यूपी में भी ठंडी हवाएं आ रही हैं। वहीं एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 23 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इसके बाद फिर बारिश के आसार प्रदेश में बन सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश में प्रयागराज और आगरा सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किए गए। आगरा में 32.4°C, जबकि प्रयागराज में 27.9°C तापमान रिकॉर्ड हुआ है। वहीं ठंडी हवाओं के चलते अयोध्या का तापमान सबसे कम 10°C दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।