July 4, 2025

संवाददाता।
कानपुर। नगर की सबसे खूबसूरत ग्रीनबेल्ट मेट्रो कार्य की भेंट चढ़ गई। मेट्रो ने दशकों पुराने पेड़ों की कटाई करते हुए करीब 70 से ज्यादा पेड़ों को काट डाला है। गल्ला मंडी के पास स्थानीय लोग पेड़ों की कटाई का विरोध कर रहे हैं, लेकिन मेट्रो ने 40 से अधिक पेड़ों को  काट डाले हैं। फर्स्ट फेज में मेट्रो ने विजय नगर चौराहा से डबल पुलिया चौराहा तक पेड़ों की कटाई शुरू कर दी है। इसके बाद सेकेंड फेज में शास्त्री चौक से बर्रा-8 के बीच तक पेड़ों की कटाई की जानी है। मेट्रो यहां लिवेटेड ट्रैक का निर्माण करेगी, जिसके चलते इन पेड़ों को काटा जा रहा है। बड़े-बड़े पेड़ों की वजह से पूरे रूट पर छाया रहती थी। नगर निगम उद्यान विभाग के प्रभारी डा. वीके सिंह के मुताबिक नगर निगम के स्वामित्व में पेड़ आते हैं, लेकिन मेट्रो ने नगर निगम से एनओसी तक नहीं ली है। वन निगम से एनओसी ली है और वही पेड़ों की कटाई कर रहे हैं। मेट्रो ने पहले भी ऐसा किया था बाद में जुर्माने के तौर पर उन्हें दो बार डेढ़-डेढ़ लाख रुपए देने पड़े थे। मेट्रो के लाइजनिंग ऑफिसर आरके वर्मा के मुताबिक रोड पीडब्लूडी की है, उनसे खोदाई को लेकर एनओसी ले ली गई है। जबकि पेड़ों की कटाई के लिए एनओसी वन निगम से ली जाती है। डिवाइडर पर लगी ग्रिल हटाकर नगर निगम को सुरक्षित सौंप दी जाएगी, इसके लिए नगर निगम को पत्र लिखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News