July 4, 2025

कानपुर। पछुआ हवाओं के चलते मार्च के दूसरे सप्ताह में भी लोगों को सुबह शाम की सर्दी सता रही है। तापमान अभी भी सामान्य  से नीचे ही चल रहा है, हालांकि आगामी दो दिनों के भीतर आसमान साफ होने से तापमान में बढ़ोत्तरी होने की सम्भावनाओं को बल मिलता दिखायी दे रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि कानपुर परिक्षेत्र में फिलहाल तापमान गिरता रहेगा और मौसम का सितम सुबह और शाम को अपना कमाल दिखायेगा।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि कानपुर में सुबह और रात ठंडी हो रही है। यह स्थित तब हुई जब पछुआ हवाएं तेजी से मैदानी क्षेत्रों में आ रही हैं। इस सप्ताह के आखिर तक मौसम की खराब स्थिति जारी रहेगी, बाद में यह कम हो जाएंगी। वहीं एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों से गुजर रहा है। जिस कारण मौसम की गतिविधियां पहाड़ों तक ही सीमित है। जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में अगले दो दिनों में छिटपुट, हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होगी। सिस्टम कमजोर है, इसलिए मैदानी इलाकों में किसी तरह का रिसाव (बारिश, ओलावृष्टि) नहीं होगा। यहां तक कि मैदानी इलाकों में हवा के पैटर्न में भी ज्यादा बदलाव नहीं आया है।

इसके साथ ही कानपुर सहित मैदानी क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक तापमान सामान्य से नीचे बने रहने की संभावना है। उम्मीद है कि मौसम प्रणाली के साफ होने के बाद 9 मार्च को और उसके बाद साफ आसमान सुबह की ठंड को बढ़ा सकता है, जिससे सुबह लंबे समय तक ठंडी और सुखद बनी रहेगी। वहीं कानपुर मण्डल में दो दिन चमकदार धूप निकलती रहेगी। अगले सप्ताह की शुरुआत तक एक बार फिर बादलों की चादर छा सकती है, जिससे धूप कम हो सकती है। विकिरणों के बाहर निकलने पर रोक लगने से सुबह का तापमान भी दोहरे अंक में पहुंच सकता है। अधिकतम तापमान भी सामान्य 27-28 डिग्री सेल्सियस के करीब जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News