दबंगो ने विरोध करने पर तोड़ी पति की नाक।
पुलिस के भरसक प्रयासों के बावजूद नशेबाज़ों का नगर में उत्पात।
संवाददाता।
कानपुर। नगर में पुलिस ने होली में भले ही अनेको इंतजाम किये थे, लेकिन नजीराबाद थाना क्षेत्र में दबंगों ने होली की हुड़दंग में एक महिला डॉक्टर से रंग लगाने के बहाने छेड़खानी की। तमंचा लगाकर कार रोकी और शीशा खुलवाकर रंग लगाने के बहाने अश्लीलता की। विरोध करने पर महिला डॉक्टर के पति की नाक तोड़ दी। नजीराबाद पुलिस मामले में रिपोर्ट दर्ज करके जांच कर रही है। लाजपत नगर में रहने वाली महिला डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि 24 मार्च की रात 11:40 पर वे अपनी कार से जीटीबी हॉस्पिटल की तरफ से मरियमपुर चौराहा जा रही थीं। हवेली रेस्टोरेंट से पहले रास्ते में रखी होली के पास कुछ लड़के डांस कर रहे थे। जब गाड़ी का हार्न निकलने के लिए बजाया तो एक लड़का जिसे लोग अउवा उर्फ अजय सिंह के नाम से बुला रहे थे। पीड़िता के मुताबिक, अजय उनकी तरफ देखकर अश्लील इशारे करने लगा। पति के विरोध करने पर बंदूक दिखाकर डराने लगा। उसके साथ 10-12 लड़के और थे, सभी ने जबरदस्ती घेरकर कार का शीशा खुलवा लिया। शीशा खुलते ही अजय सिंह ने महिला डॉक्टर के साथ छेड़छाड़ की। दूसरे लड़के ने पीड़िता के पति की पिटाई कर दी। इसके बाद वे सब गाली गलौज करते हुए भाग गए। पीड़िता की तहरीर पर अजय सिंह उर्फ अउआ और 10-12 अज्ञात के खिलाफ छेड़खानी, बलवा, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसओ कौशलेन्द्र प्रसाद सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी से आरोपियों को तलाशा जा रहा है।
