July 4, 2025

संवाददाता।
कानपुर। नगर में भाजपा की कानपुर संसदीय सीट से प्रत्याशी बने रमेश अवस्थी का बुधवार को सेंट्रल स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। वह दिल्ली से शताब्दी एक्सप्रेस से कानपुर पहुंचे। प्रत्याशी के स्वागत के बहाने भाजपा ने पहला रोड शो करते हुए चुनावी माहौल को गरमा दिया है। रमेश अवस्थी का रोड शो घंटाघर से गणेश मंदिर पहुंचा जहां दर्शन के बाद मुरे कंपनी पुल की तरफ बढ़ा इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जगह-जगह स्वागत किया। रोड शो में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, सांसद देवेंद्र सिंह भोले, उत्तर जिलाध्यक्ष दीपू पांडे, दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, विधायक सुरेंद्र मैथानी, एमएलसी सलिल विश्नोई, नीलिमा कटियार पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया और अजय कपूर समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। रमेश अवस्थी के पहले स्वागत कार्यक्रम में पचौरी और महाना गुट दोनों ने ही दूरी बनाकर रखी। स्वागत कार्यक्रम में न तो सांसद सत्यदेव पचौरी पहुंचे और न ही सतीश महाना पहुंचे। इसको लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। विधायक महेश त्रिवेदी भी नहीं पहुंचे, हालांकि उन्होंने अपने लड़के को भेजा था। महापौर प्रमिला पांडेय शहर में न होने के चलते स्वागत कार्यक्रम में नहीं पहुंचीं। भाजपा प्रत्याशी के स्वागत में महापौर, मंत्री, विधायक, विधान परिषद सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख, पार्षद के अलावा प्रदेश, क्षेत्र, जिला, मंडल पदाधिकारी, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, एवं बूथ तक के कार्यकर्ताओं एवं भाजपा के युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, पिछड़ा मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा को पहुंचने के निर्देश क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने दिए थे। रमेश अवस्थी के स्वागत कार्यक्रम में लगाए गए होर्डिंग व बैनर में शहर के सभी विधायक, सांसद और पूर्व विधायकों समेत 28 लोगों के चेहरे शामिल किए गए हैं। इसमें पूर्व सांसद जगतवीर सिंह द्रोण, पूर्व विधायक प्रेमलता कटिया, नरेश चतुर्वेदी, अनिल सोनकर, पूर्व मेयर रविंद्र पाटनी, पूर्व विधायक बालचंद्र मिश्रा का नाम भी शामिल किया गया है। ये पोस्टर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News