July 11, 2025

संवाददाता।
कानपुर। नगर में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जगह-जगह शिक्षण संस्थानों में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देशभक्ति गीतों पर स्कूलों और कॉलेजों के छात्र छात्राओं ने प्रस्तुति देकर लोगों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। देशभक्ति के नारे लगाकर कई स्कूलों ने रैली भी निकाली। स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति गीत पर नृत्य कर स्वतंत्रता दिवस का पर्व बड़ी धूमधाम के साथ मनाया। समाज सेवी संस्थाओं ने भी बच्चों के बीच झंडारोहण कर उनका मनोबल बढ़ाया। बच्चों ने एक के बाद एक कई देशभक्ति गीतों पर अपनी प्रस्तुति दी। नौबस्ता आवास विकास स्थित कानपुर डिफेंस फिजिकल अकैडमी में झंडारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया आर्मी की तैयारी कर रहे युवाओं ने देशभक्ति गीत गाकर समां बांधा हाथों में झंडा लेकर मैदान के चारों तरफ दौड़ लगाई इसके बाद फिजिकल एक्टिविटी कर कई करतब दिखाए। इस मौके पर संस्था के लोगों ने कहा कि यहां पर हर व्यक्ति के अंदर देशभक्ति की एक ऐसी ललक है, जिसके चलते यहां पर सभी लोग किसी ना किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेते हैं। हमारा प्रयास है कि सभी के दिलों में तिरंगे के प्रति एक ऐसा सम्मान हो ताकि दूसरा देश भी हम लोगों की मिसाल दें। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सार्वजनिक शिछोनयन संस्थान द्वारा संचालित दामोदर नगर स्थिति वृद्धा आश्रम में स्वतंत्रता दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। झंडारोहण आश्रम के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति द्वारा कराया गया। बाल आश्रय गृह के बच्चों ने नृत्य प्रस्तुत कर बुजुर्गों के मन को बहलाया। सभी को स्टाफ के लोगों को नमकीन, बिस्किट, फ्रूटी, टॉफी, लड्डू टोकरी में रखकर वितरण किए गए। खेल विभाग के निर्देश पर ग्रीनपार्क स्टेडियम में क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया। ओपन पुरुष वर्ग में 5 किलोमीटर दौड़, महिला वर्ग में 3 किलोमीटर दौड़, 12 वर्ष से कम आयु वालों के लिए 1 किलोमीटर दौड़ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 105 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें से 25 बालिकाएं भी शामिल थी। ओपन पुरुष वर्ग में रौनक गौतम प्रथम, प्रिंस गौड़ द्वितीय, नीरज पाल तृतीय स्थान पर आए। महिला वर्ग में आरती निषाद प्रथम, जैनब द्वितीय, पलक शुक्ला ने तृतीय स्थान हासिल किया। 12 वर्ष से कम आयु वर्ग में रोहन ने प्रथम, रागिनी ने द्वितीय और अंशुमान ने तृतीय स्थान पर जगह बनाई। दौड़ का शुभारंभ उपनिदेशक खेल आरएन सिंह ने किया। प्रेम क्लब गुप्तारघाट में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विधायक अमिताभ बाजपेई एवं अध्यक्ष कृष्ण गुप्त, मंत्री अनूप द्विवेदी ने झंडारोहण किया। कार्यक्रम में 50 तैराक गंगा जी मे तैरते हुए झण्डा लेकर परमट से लेकर गुप्तारघाट तक आए, जिसमें 15 महिलाओं ने तथा दो 10 वर्ष के बालक भी तैरकर आए। मंत्री अनूप कुमार द्विवेदी ने सभी तैराकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में इस अवसर पर भगतसिंह, सुखदेव , राजगुरु की प्रतिमा का कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने अनावरण किया। कार्यक्रम की शुरुआत कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने प्रशासनिक भवन में तिरंगा फहराकर की। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए कहा की स्वतंत्रता की कोई भी बात बिना हमारे सेनानियों के प्रयास और बलिदान के पूरी नहीं हो सकती है। हम सब जो आज इस आयोजन को उत्साहपूर्वक मना रहे हैं उसके पीछे हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों का बलिदान है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News