July 27, 2024

संवाददाता।
कानपुर।
मेजर ध्यानचन्द की जयन्ती पर आचार्य नरेन्द्र देव नगर निगम महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। इस अवसर पर क्रीडा प्रभारी डाॅ. प्रियंका सिंह व समिति के सदस्यों द्वारा कैरम, शतरंज, शाॅट-पुट, रिले रेस, 50 मी0 रेस तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय की करीब 200 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. ऋतम्भरा ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। प्राचार्या एवं अन्य शिक्षिकाओं ने मेजर ध्यानचन्द के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। क्रीडा प्रभारी डाॅ. प्रियंका सिंह ने प्राचार्या को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत करते हुए राष्ट्रीय खेल दिवस की सभी लोगों को बधाई दी। महाविद्यालय की प्राचार्या डाॅ. ऋतम्भरा ने सबको राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हाॅकी के जादूगर के नाम से प्रसिद्ध मेजर ध्यानचन्द के जन्मदिवस को भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। ध्यानचन्द जी ने अन्तर्राष्ट्रीय हाॅकी क्षेत्र में अभूतपूर्व छाप छोड़ी है। उन्होंने 1928, 1932 और 1936 में भारत के लिए ओलम्पिक में स्वर्णपदक जीते थे। उन्होंने अपने कैरियर में 400 से अधिक गोल किए थे। उन्होंने छात्राओं को मेजर ध्यानचन्द की तरह कड़ी मेहनत और पूर्ण समर्पण से अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।’ क्रीड़ा समिति की प्रभारी डाॅ. प्रियंका सिंह ने मेजर ध्यानचन्द का परिचय देते हुए उनके कठिन संघर्षों और देश के प्रति उनके समर्पण से छात्राओं को अवगत कराया।कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा कराटे शो का प्रदर्शन किया गया एवं सामूहिक नृत्य प्रस्तुत दी गई। तत्पश्चात् प्राचार्या द्वारा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विजयी छात्राओं को पुरस्कृत किया गया, जिनमें प्रथम स्थान प्राप्त छात्राएं शिखा सोनवानी, मान्या, कोमल, सिमरन, नीलिमा, कुमकुम, अनुष्का सिंह आदि रहीं। कार्यक्रम का संचालन डाॅ. सीमा पांडेय द्वारा किया गया। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय परिसर में मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न स्कूलों/संकायो के मध्य खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में खेल प्रतियोगिताओं का उद्घाटन विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी अशोक कुमार त्रिपाठी एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीरज कुमार सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर टग आफ वार, योगा, वालीबॉल, फुटबाल, बास्केटबाल, कबड्डी, खो-खो, बेडमिन्टन खेलो का अयोजन किया गया। वालीबॉल पुरूष वर्ग में 8 टीमों ने प्रतिभाग किया, जिसमें स्कूल ऑफ टीचर एजुकेशन 11-08-11 अंको से स्कूल ऑफ फार्मेसी को हराकर विजेता बनी। महिला वर्ग में भी स्कूल ऑफ टीचर एजुकेशन विजेता रहीं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *