July 27, 2024

संवाददाता।
कानपुर। नगर में सीसामऊ थाना क्षेत्र के एक गोदाम में आग लग गई। आग लगने की सूचना के बाद मौके पर नगर की सभी अग्निशमन केंद्रों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गईं। गोदाम में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया था। आग लगने की वजह से लाखों रुपए का नुकसान हुआ। तकरीबन ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। नगर के सीसामऊ थाना क्षेत्र में कानपुर टेनरी कंपाउंड में बने गोदाम में भीषण आग लग गई। रविवार सुबह सुबह 7 बजे गोदाम से निकलता धुआं देखा तो लोगों ने शोर मचाया। फायर विभाग को मिनी कंट्रोल रूम के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली। मौके पर दमकल विभाग की आठ गाड़ियां पहुंच गईं। अग्निशमन केंद्र किदवई नगर, लाटूश रोड, मीरपुर, जाजमऊ, फजलगंज से फायर विभाग की गाड़ियां पहुंचकर आग बुझाने में जुट गईं। कुछ देर में मौके पर सीएफओ दीपक शर्मा भी पहुंचे। उन्होंने गोदाम के अंदर जाकर आग बुझाने के प्रयासों का जायजा लिया। तकरीबन ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि गोदाम में रखा मशीनरी से संबंधित समान जल रहा था। गोदाम के अंदर धुएं के कारण आग बुझाने में काफी दिक्कत आ रही थी। फायर कर्मचारी ने दीवारों को तोड़कर पॉइंट बनाए। इसके बाद कड़ी मशक्कत से आग को बुझाया जा सका। उन्होंने बताया कि किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है। संभवत आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। गोदाम के मालिक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग लगने से लाखों रुपए के नुकसान होने की बात कही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *