September 20, 2026

संवाददाता
कानपुर। साइबर ठगों के हौसले कितने बुलंद हैं, इसका अंदाजा फीलखाना थाना क्षेत्र में हुए मामले से लगाया जा सकता है। यहां ठगों ने महज 6 मिनट में एक महिला के खाते से 8.43 लाख रुपए पार कर दिए। इतना ही नहीं, ठगी को छुपाने के लिए बैंक में दर्ज महिला का मोबाइल नंबर भी बंद करा दिया।
पटकापुर निवासी रीना बेगम का सिविल लाइंस स्थित एक्सिस बैंक में खाता है। रीना के मुताबिक उनके खाते में करीब 14.06 लाख रुपए जमा थे। 28 अगस्त की शाम 8:30 से 8:36 बजे के बीच साइबर ठगों ने 10 अलग-अलग यूपीआई ट्रांजेक्शन कर 8.43 लाख रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर लिए।
अगले दिन जब मोबाइल नंबर बंद मिला तो पति हफीज मलिक ने फोन चेक किया। तब खाते से रकम ट्रांसफर होने के कई मैसेज मिले।
पीड़िता रीना ने बताया कि उन्होंने न तो कोई अनजान लिंक खोला था और न ही किसी को ओटीपी बताया था। उन्हें शक है कि मोबाइल हैक करके खाते से रकम निकाली गई है।
इस मामले में साइबर थाना प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *