June 27, 2026

संवाददाता

कानपुर।  लगातार हो रही चोरी की वारदातों का गुरुवार रात पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के सदस्य दिन में गांव-गांव और मोहल्लों में घूमकर बंद घरों की रेकी करते थे और रात होते ही ताले तोड़कर जेवर व नकदी पर हाथ साफ कर देते थे। 

सचेण्डी पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के पांच बदमाश गिरफ्तार किए गए हैं। उनके कब्जे से लाखों रुपये के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन और वाहन बरामद हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक 10 जून और 18 जून को कटरा और पकरी गांव में हुई चोरी की घटनाओं के बाद विशेष टीमों का गठन किया गया था। ऑपरेशन ‘त्रिनेत्र’ के तहत क्षेत्र में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने कटरा मोड़ से भाऊपुर जाने वाली सड़क के पास बंद पड़ी गत्ता फैक्ट्री के पीछे से पांच आरोपितों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उन्नाव निवासी कमलेश गुप्ता उर्फ कमलकांत, सूरज सिंह, राजकुमार उर्फ बड़के सिंह, नरेंद्र सिंह और शिवम पाल के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे पहले ऐसे मकानों को चिन्हित करते थे जहां लोगों की आवाजाही कम होती थी या घर लंबे समय से बंद रहते थे। रात में छत या दरवाजे के रास्ते घर में घुसकर अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ते थे और जेवर-नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से सोने की चेन, मंगलसूत्र, अंगूठियां, कान के टॉप्स, चांदी की पायल समेत बड़ी मात्रा में कीमती आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा करीब 1.30 लाख रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, एक बोलेरो और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान में हाल ही में कटरा और पकरी गांव में हुई चोरियों का माल भी शामिल है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार सभी आरोपी पेशेवर अपराधी हैं। इनके खिलाफ कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ और बाराबंकी समेत कई जिलों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपितों से पूछताछ जारी है। आशंका है कि गिरोह ने आसपास के कई जिलों में भी चोरी की बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की पड़ताल कर रही है और पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों के खुलासे की भी तैयारी कर रही है।