
संवाददाता
कानपुर। भाजपा ने 1975 में लगी इमरजेंसी की बरसी को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मनाया। इस दौरान पूर्व डिप्टी सीएम राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने कांग्रेस पर संविधान की हत्या करने का आरोप लगाया। साथ ही दावा किया कि 2027 के यूपी विधानसभा और 2029 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी बड़ी जीत दर्ज करेगी।
नगर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अब विपक्षी नेताओं को भी भगवान की याद आने लगी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी रामलला के दर्शन करने जाएंगे।
दिनेश शर्मा ने कहा कि जो नेता पहले राम मंदिर जाने से इनकार करते थे, अब वही दर्शन करने पहुंच रहे हैं। उन्होंने बिना नाम लिए दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि पहले वह कहते थे कि उनकी नानी ने रामलला के दर्शन के लिए जाने से मना किया था, लेकिन अब वो भी मंदिर पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अब वह दिन भी दूर नहीं है, जब समाजवादी पार्टी के मुखिया भी रामजी को प्रणाम करने जाएंगे।
पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि जो लोग पहले राम मंदिर के नाम पर ‘ना-ना’ करते थे, आज वही वहां जाकर माथा टेक रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि उस समय नानी की बात मानने वाले नेताओं को अब उनकी याद क्यों नहीं आ रही।
दिनेश शर्मा ने कहा कि जिन्होंने कारसेवकों पर गोली चलवाई, आज वही मंदिर बनने का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव भी रामलला की आरती करते और घंटी बजाते नजर आएंगे।
उन्होंने विपक्ष पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता में आने पर यही लोग कब्रिस्तान और श्मशान के नाम पर भेदभाव की राजनीति करते हैं।






