June 25, 2026

केडीए ने फिजिक्स वाला समेत 22 कोचिंग करी सील।


संवाददाता
कानपुर।  लखनऊ में कोचिंग में हुए हादसे के बाद कानपुर विकास प्राधिकरण ने कोचिंग हब काकादेव में बड़ी कार्रवाई करते हुए फिजिक्स वाला समेत 22 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया। केडीए की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया और मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों को खाली कराकर सील कर दिया।
केडीए के चलाए गए अभियान में जोन-1 में तीन, जोन-2बी में पांच, जोन-3 में तीन तथा जोन-4 में पांच संस्थानों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की गई। प्रथम चरण में कुल 22 संस्थानों को चिन्हित किया गया है, आगे भी चिन्हीकरण और सीलिंग अभियान जारी रहेगा।
सील किए गए प्रमुख संस्थानों में फिजिक्स वाला, वर्कस्पेस, महेंद्रा तथा केमिस्ट्री वाले संजीव राठौर सहित कई चर्चित कोचिंग संस्थान शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने संस्थानों को खाली कराया और उसके बाद सील लगा दी।
केडीए ने स्पष्ट किया है कि मानकों का पालन न करने वाले संस्थानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और चिन्हित प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि इस कार्रवाई को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में सैकड़ों कोचिंग संस्थान वर्षों से बिना पंजीकरण, अग्नि सुरक्षा और भवन मानकों के संचालित हो रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग आम दिनों में कार्रवाई नहीं करते। किसी बड़े हादसे या घटना के बाद ही प्रशासन सक्रिय होता है और फिर कुछ दिनों तक अभियान चलाकर कार्रवाई की खानापूरी की जाती है। यदि समय-समय पर मानकों की जांच और सख्त कार्रवाई की जाए तो ऐसी नौबत ही न आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *