
संवाददाता
कानपुर। क्राइम ब्रांच ने यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा प्रमुख की बेटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को मध्य प्रदेश के रीवा से गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया।
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने रिमांड खारिज कर दी। आरोपी को रिहा कर दिया गया। इसके साथ ही आरोपी को अरेस्ट करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच का आदेश भी दिया गया है।
उधर गिरफ्तारी के बाद आरोपी नागेश्वर सिंह बघेल ने अपनी गलती के लिए माफी मांगी है।
नागेश्वर सिंह ने बताया कि उसने एक पोस्ट को डाउनलोड करके सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। मुझे इसका पछतावा है। मैं अखिलेश यादव के परिवार से माफी मांगता हूं।
डीसीपी क्राइम श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि सपा प्रमुख की बेटी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के मामले में कानपुर साइबर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। सात साल से कम सजा वाली धाराओं में आरोपी की गिरफ्तारी होने के चलते कोर्ट ने रिमांड खारिज कर दी है। इसके चलते आरोपी को कोर्ट से छोड़ दिया गया।
दरअसल, कानपुर में अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव प्रवीण यादव ने 11 जून को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि सोशल मीडिया पर भरत कुमार पटेल, नागेश्वर सिंह बघेल और विनोद यादव नाम की आईडी से सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी अदिति के खिलाफ भ्रामक व आपत्तिजनक पोस्ट किए गए। मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद साइबर थाने ने जांच शुरू कर दी।
पुलिस की जांच मध्य प्रदेश तक पहुंच गई। पुलिस की जांच में सामने आया कि नागेश्वर सिंह बघेल ने ही अपनी फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर अदिति के खिलाफ छवि धूमिल करने के इरादे से भ्रामक पोस्ट किया था। इसी कड़ी में साइबर थाना प्रभारी सतीश यादव की टीम मध्यप्रदेश के रीवा पहुंची। थाना पनवार के पुरवा कल्याणपुर के रहने वाले नागेश्वर सिंह बघेल को अरेस्ट कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया तो कोर्ट ने जमानतीय धाराओं यानी सात साल से कम सजा वाली धाराएं होने के चलते रिमांड खारिज कर दी और आरोपी को कोर्ट से छोड़ दिया गया। इसके साथ ही आरोपी को जमानतीय धाराएं होने के बाद भी जेल भेजने के लिए कोर्ट में पेश करने वाली पुलिस के खिलाफ जांच का आदेश दिया है।
आरोपी ने माफी मांगते हुए जो कहा है कि “मैं नागेश्वर सिंह बघेल, पिता स्व. लालमणि सिंह बघेल, निवासी पूर्वा कल्याणपुर, पोस्ट कंचनपुर, थाना पनवार, जिला रीवा, मध्य प्रदेश का निवासी हूं।
मैंने 9 जून को… एक फेसबुक में एक तीन-चार पोस्ट देखी, जिसमें अखिलेश यादव जी पूर्व मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश की बेटी कुंवारी अदिति यादव के बारे में जानकारी लिखी थी कि अदिति यादव जो हैं, 7 करोड़ रुपए लेकर के अपने घर से एक नाइजीरियन युवक के साथ भाग गई हैं। यह पोस्ट मैंने पढ़ी। पोस्ट पढ़ने के बाद मैंने इस पोस्ट को दो-तीन जगह पढ़ी।
देखने के बाद मैंने उस पोस्ट को कॉपी-पेस्ट किया और वहीं से फोटो उठाया, अपलोड … मतलब डाउनलोड करके और फेसबुक में मैंने पोस्ट में अपलोड कर दिया। अपलोड करने के बाद, जब मुझे दो-तीन घंटे बाद जानकारी मिली कि यह पोस्ट फॉल्स है, गलत जानकारी है, ये भ्रामक जानकारी है, तो मैंने तुरंत पोस्ट को हाइड करके और मैंने एक माफीनामा लिख दिया।
मैं माफीनाम लिखा कि मैंने कुछ देर पहले जो अदिति यादव के बारे में जो जानकारी लिखी थी, वह जानकारी भ्रामक थी, जिसकी मुझे जानकारी मिली है। तो उस जानकारी के लिए… जो पोस्ट किया, उसके लिए मैं बहुत दुखी हुँ, ग्लानि अनुभव कर रहा हूं। मेरे फेसबुक में बहुत से मेरे मित्र हैं जो यादव हैं, फॉलोवर्स बहुत से हैं जो यादव हैं, उन सभी मित्रों से तथा अखिलेश जी के परिवार से मैं हाथ जोड़कर के माफी मांगता हूं।
अखिलेश जी की बेटी, मेरी बेटी जैसी है, अखिलेश जी की इज्जत, मेरी इज्जत जैसी है। इसलिए इसके लिए मुझे क्षमा प्रार्थी…”






