• मृतका की तीन बुआ ने मकान में हिस्सा न मिलने पर किया था पथराव।

संवाददाता
कानपुर। नौबस्ता थानाक्षेत्र में अपनी बुआ के मकान में हिस्सा मांगने से परेशान भतीजी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय युवती की मां घर के कामकाज में व्यस्त थीं, जब भाई घर लौटा तो बहन को फंदे से उतारकर पास के प्राइवेट अस्पताल ले गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवती के भाई का आरोप है कि उसकी तीनों बुआ मकान में हिस्सा मांग रही हैं, जबकि बाबा ने उन्हें अलग–अलग मकान दिया था। हिस्सा देने से मना करने पर तीनों ने चार दिन पहले घर आकर पथराव किया था, परिजनों ने तीनों के खिलाफ नौबस्ता थाने में तहरीर दी है।
नौबस्ता के यशोदा नगर निवासी 23 वर्षीय अंजली जायसवाल ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय मां ऊषा घर के कामकाज में व्यस्त थीं। छोटा भाई आदित्य लौटा तो अंजली को फंदे पर लटकता देखकर उसे उतारकर पास के निजी अस्पताल ले गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भाई आदित्य का आरोप है कि उसकी बुआ लीलावती, कलावती और सोनी उसके मकान में जबरन हिस्सा मांग रही हैं। जबकि उसके बाबा उन सभी को अलग–अलग मकान दे चुके है। आरोप है कि 16 जून को उसकी तीनों बुआ ने परिजनों के साथ मिलकर मारपीट और घर पर पथराव किया था।
नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।






