June 21, 2026

संवाददाता
कानपुर। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “12 साल विश्वास के, विकास के एवं जन-कल्याण के” उद्देश्य के अन्तर्गत बेरोजगार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु प्रादेशिक सेवायोजन कार्यालय, कानपुर नगर के निर्देशन में  कलम एक स्वैच्छिक संस्था एवं डीएवी पी.जी. कालेज, सिविल लाइन्स, कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में आज दिनांक 20 जून, 2026 को प्रातः 10:30 बजे से डीएवी पी.जी. कालेज, सिविल लाइन्स, कानपुर में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया ।
इस रोजगार मेले का शुभारम्भ उज्जवल कुमार सिंह, सहायक निदेशक सेवायोजन, कानपुर मंडल, कानपुर ने  मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके व दीप प्रज्वलित करके  किया।
उज्ज्वल कुमार सिंह, सहायक निदेशक सेवायोजन ने सेवायोजन पोर्टल की उपयोगिता एवं आउटसोर्सिंग भर्ती आदि के विषय में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सरकार का उद्देश्य हर परिवार को रोजगार उपलब्ध कराना है।
इसके साथ ही उन्होंने छात्र – छात्राओं को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए अपने कौशल को निखारने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया ।
उक्त रोजगार मेले में डॉ.विपिन कुमार शुक्ला, सचिव, कलम एक स्वैच्छिक संस्था, हिमांशू यादव, प्रिया गौतम, सहायक जिला सेवायोजन अधिकारी, कानपुर नगर एवं सहायक प्रो. अमित गुप्ता, करियर काउंसिलिंग एवं प्लेसमेंट सेल संयोजक डीएवी कालेज रोजगार मेले में उपस्थित रहे।
रोजगार प्रदाता कंपनियों ने रोजगार मेले में उपस्थित 1115 छात्र – छात्राओं में से 687 छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षिक योग्यता एवं साक्षात्कार के आधार पर  10,000 से  40,000 रुपए प्रतिमाह के वेतन पर  चयनित किया गया ।
इस कार्यक्रम में सेवायोजन कार्यालय के सेवायोजन विभाग से संचालित योजना जैसे रोजगार पंजीयन, सेवामित्र एप पोर्टल की जानकारी, करियर काउंसिलिंग, ओवरसीज वैकेंसी आदि की जानकारी हेतु प्रदर्शनी भी लगाई गयी ।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए डीएवी कॉलेज एवं प्रादेशिक सेवायोजन कार्यालय के कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया गया। साथ ही एनसीसी के सभी कैडेट्स ने कार्यक्रम को सफल बनाने में उत्साहपूर्वक योगदान प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News