
संवाददाता
कानपुर। ककवन क्षेत्र स्थित अटल आवासीय विद्यालय से दो दिन पहले लापता हुआ कक्षा 10 का छात्र सकुशल अपने घर लौट आया है। छात्र के सुरक्षित मिलने से परिजनों और विद्यालय प्रशासन ने राहत की सांस ली है। फिर भी इस घटना ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, मलासा कानपुर देहात निवासी विपिन कुमार का पुत्र रचित अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 10 का छात्र है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले विद्यालय में एक साथी का सामान उठाने के आरोप में छात्र की शिकायत उसके परिजनों से की गई थी, जिसके बाद पिता ने उसे डांटा था। बुधवार को इसी तरह की घटना दोबारा होने पर छात्र अपने पिता के डर से बिना बताए विद्यालय से निकल गया था।
छात्र के लापता होने के बाद विद्यालय प्रबंधन और परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। गुरुवार को रसूलाबाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी । प्रशासन ने छात्र की तलाश में जगह-जगह पोस्टर और पर्चियां भी चस्पा की थीं।
शुक्रवार सुबह छात्र ने स्वयं अपने पिता को फोन कर अपनी लोकेशन की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे पुखरायां रेलवे स्टेशन से सकुशल घर ले आए।
छात्र के वापस आने पर परिजनों और विद्यालय प्रबंधन ने राहत महसूस की है, लेकिन लोगों ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। उनका कहना है कि विद्यालय में सुरक्षा के नाम पर कोई ठोस इंतजाम नहीं हैं।






