• बीएनएसडी के केंद्र व्यवस्थापक बदले गए।

संवाददाता
कानपुर। शहर के 43 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को नीट यूजी परीक्षा का आयोजन किया गया । यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होकर शाम 5:20 बजे तक चली । जिला प्रशासन ने परीक्षा को लेकर व्यापक तैयारियां करी थीं।
प्रशासन की ओर से परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा कराई गई। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहा। केंद्रों के बाहर भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
रविवार सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। अभ्यर्थी जरूरी दस्तावेजों और प्रवेश पत्र के साथ केंद्रों पर पहुंचे। अभिभावक भी बच्चों के साथ केंद्रों तक पहुंचे और उनमे परीक्षा को लेकर उत्साह व चिंता दोनों देखने को मिली।
बीएनएसडी इंटर कॉलेज में नीट-यूजी से पहले शनिवार को केंद्र व्यवस्थापक को बदल दिया गया था। जीआईसी भौंती के प्रधानाचार्य हेमंत कुमार को केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त किया गया था ।
इससे पहले बीएनएसडी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अमर सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। लेकिन पिछले दिनों होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान बीएनएसडी इंटर कॉलेज में प्रश्नपत्र लीक करने की कोशिश का मामला सामने आने के बाद नीट-यूजी से पहले केंद्र और व्यवस्थापक को लेकर सवाल उठने लगे थे।






