April 20, 2026

संवाददाता 

कानपुर। शिवराजपुर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
बिल्हौर से बिठूर की ओर जा रही मोटरसाइकिल पर सवार विनोद निषाद पुत्र स्व. मोहनलाल और रामनारायण पुत्र कुंजीलाल निषाद, निवासी ग्राम बाकरगंज, थाना बिठूर, हादसे का शिकार हो गए। उनके साथ बाइक पर बैठी एक महिला और एक बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा दुबियाना अंडरपास के ऊपर हाईवे पर हुआ, जहां किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
शिवराजपुर थानाध्यक्ष अमित सिंह एवं हल्का इंचार्ज अटल सिंह के अनुसार, पुलिस ने एनएचएआई की एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवराजपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद विनोद निषाद और रामनारायण को मृत घोषित कर दिया। महिला और बच्चे की हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी नर्सिंग होम रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।