April 18, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
एक दर्दनाक सड़क हादसे में डिवाइडर से टकराई बाइक पर सवार तीन लोगों की मौत हो गई और छोटी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

शिवराजपुर क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कानपुर-अलीगढ़ हाईवे पर एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे का शिकार हुए सभी 4 लोग एक ही बाइक पर सवार थे।

यह हादसा दुबियाना अंडरपास के ऊपर हुआ। मृतकों की पहचान बिठूर थाना क्षेत्र के बाकरगंज गांव निवासी विनोद निषाद और रामनारायण निषाद के रूप में हुई है।
दोनों बुधवार रात बिल्हौर में एक रिश्तेदार के यहां जागरण में शामिल होने गए थे और सुबह घर लौट रहे थे।
इसी बाइक पर विनोद निषाद के साथ छोटी बच्ची दीक्षा और पीयूष भी सवार थे। सभी एक ही बाइक से वापस आ रहे थे। पुलिस के अनुसार रातभर जागने के कारण चालक को झपकी आ गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे के बाद राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी शिवराजपुर भेजा गया। डॉक्टरों ने विनोद और रामनारायण को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल पीयूष ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घायल दीक्षा को बेहोशी की हालत में एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। 

शिवराजपुर थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।