February 26, 2026

संवाददाता 

कानपुर। नवीन मार्केट स्थित केडीए के एक फ्लैट की किरायेदारी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपने नाम कराने का मामला सामने आया है। पांडु नगर निवासी प्रतिभा शुक्ला ने डीसीपी सेंट्रल से मामले की शिकायत की थी। जिनके आदेश पर कोतवाली पुलिस ने आयकर के पूर्व ज्वाइंट कमिश्नर वीबी मिश्रा, नवीन मार्केट शॉपकीपर एसोसिएशन के चेयरमैन सुगनामल मंगतानी, पुरुषोत्तम मंगतानी, लवलीन शुक्ला के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की गई है ।

पीड़िता के अनुसार नवीन मार्केट के द्वितीय तल स्थित फ्लैट संख्या 21 केडीए की सम्पत्ति है। जो उनके पिता  एडवोकेट स्व. पदमाकर शुक्ला की कंपनी के नाम से आवंटित था। आरोप है कि सिंधी कॉलोनी निवासी पुरुषोत्तम मंगतानी ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे  किराएदारी अपने नाम पर स्थानांतरित करा ली। जिसकी शिकायत उनकी दिवगंत मां शांति शुक्ला ने केडीए से की थी। जांच के बाद केडीए ने फर्जी किरायेदारी को निरस्त कर दिया।
इसके बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद पीड़िता ने सीएम से शिकायत की। मामले की जांच एसीपी कोतवाली आशुतोष सिंह को सौंपी गई थी। पीड़िता ने बताया था कि उनके हिस्से की संपत्ति को फर्जी तरीके से किसी अन्य के नाम दिखाने की कोशिश की गई, जिसमें आयकर के पूर्व ज्वाइंट कमिश्नर वीबी मिश्रा और लवलीन शुक्ला को गवाह बताया गया था।
एसीपी कोतवाली ने बताया कि मामले की जांच मई से चल रही थी। आरोप सही जाने के बाद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज बनाने, अपराधिक षड़यंत्र रचने समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।