February 26, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  कूड़ा जलाने पर रोक होने के बाद भी बड़ा चौराहा स्थित इंडियन बैंक की शाखा परिसर में कूड़े के ढेर में आग लगा दी गई। आग की चपेट में आने से तीन नवजात पिल्लों की जलकर मौत हो गई।
घटना का वीडियो बनाकर एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। जिसके बाद बैंक अधिकारी पर पिल्लों को जिंदा जलाने का आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बैंक परिसर में कूड़े में आग लगाई गई थी। जब कर्मचारी पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। एक कर्मचारी ने पुलिस को सूचना देते हुए आरोप लगाया कि बैंक के एक अधिकारी के कहने पर चौकीदार और सुरक्षा गार्ड परिसर में मौजूद कुत्तों को मारते हैं और उसी के तहत जानबूझकर आग लगाई गई।
कोतवाली थाना प्रभारी जगदीश पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।