February 26, 2026

संवाददाता 

कानपुर। नगर के सांसद रमेश अवस्थी का कहना है कि ग्रीन पार्क स्टेडियम में जल्द ही वनडे, टी-20 और आईपीएल के मुकाबले होंगे। मैदान में दर्शकों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। सरकार ने इसी बजट में 350 करोड़ रुपये खेल विकास के लिए दिए हैं।
ग्रीन पार्क के लिए 45 करोड़ रुपये की राशि आवंटित भी हो गई है। उसी से ग्रीन पार्क स्टेडियम का विकास शुरू होगा। 

यह दावा करते हुए कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि मेरे शहर की पहचान ग्रीन पार्क मैदान की शान को बरकरार रखा जाएगा। मेरा संकल्प है कि कानपुर को विकसित कानपुर बनाएंगे।
रमेश अवस्थी ने कहा कि जब मैं सांसद बना तो मैंने सबसे पहले ग्रीन पार्क मैदान का निरीक्षण किया था। वहां रखरखाव और हालत देखे। पता चला कि दर्शक क्षमता कम है। इसकी रिपोर्ट भी अधिकारियों से मांगी।
इसके बाद तय किया गया कि शहर में अंतरराष्ट्रीय मैच जरूर कराए जाएंगे। मैंने कानपुर की जनता और क्रिकेट प्रेमियों से वादा किया था कि शहर के ग्रीन पार्क का विकास होगा। साथ ही यहां भविष्य में अंतरराष्ट्रीय मैच भी कराए जाएंगे।
ग्रीन पार्क पूरे देश की विरासत है। इसे सजाना-संवारना हमारी और सरकार की जिम्मेदारी है। इसका मुद्दा मैंने लोकसभा में भी उठाया था। कानपुर का हर व्यक्ति, चाहे वह क्रिकेट खेलता हो या देखता हो, उसका ग्रीन पार्क से भावनात्मक जुड़ाव है।
मेरी तीन सबसे बड़ी प्राथमिकताएं हैं, ग्रीन पार्क, शहर में रेलवे एलिवेटेड ट्रैक और फ्लाईओवर बनवाना। जल्द ही इन पर कार्य शुरू होगा। इसके अलावा शहर का हर वह कार्य जो जनता से जुड़ा हुआ है, चाहे सफाई हो या अन्य विकास कार्य कराया जा रहा है।
कानपुर शहर को विकसित शहर के रूप में तैयार करना हमारी जिम्मेदारी है। पहले जो सरकारें रहीं, उन्होंने ग्रीन पार्क पर कुछ नहीं किया। जब मैंने यहां की दुर्दशा देखी, तब इसके विकास कार्य कराने का निर्णय लिया। मैंने संकल्प लिया है कि कानपुर को विकसित कानपुर बनाना है।
कानपुर का ग्रीन पार्क मैदान विश्व के सुंदर और आकर्षक ग्राउंड में शामिल रहा है। लेकिन 2017 के बाद से यहां कोई अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच नहीं हुआ। इसी तरह 2017 में यहां टी-20 मैच खेला गया था। उससे पहले 2016 में यहां आईपीएल का मैच हुआ था।
29 अक्टूबर 2017 को भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे मैच तथा 2017 में ही भारत और इंग्लैंड के बीच टी-20 मैच खेला गया था। उसके बाद घरेलू और अंतरराज्यीय क्रिकेट मैच तो हुए, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर केवल इंडिया ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच मैच हुआ था।