February 21, 2026

संवाददाता

कानपुर। सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली अदिति शुक्ला को कानपुर नगर निगम के लिये स्वच्छ भारत मिशन का ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया गया है।  ह्यूमेन फाउंडेशन ट्रस्ट की संस्थापिका एवं ट्रस्टी अदिति शुक्ला लंबे समय से समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

कानपुर प्रशासन ने बच्चों और महिलाओं के उत्थान के लिए किए गए उनके सराहनीय प्रयासों को ध्यान में रखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी है। 

अदिति शुक्ला ने अपने कार्यों के माध्यम से समाज में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

ह्यूमेन फाउंडेशन ट्रस्ट को खासतौर पर ईको-फ्रेंडली आदतों को बढ़ावा देने के अभियान के लिए पूरे प्रदेश में पहचान मिली है। संस्था द्वारा चलाए जा रहे “कैरी योर वॉटर बॉटल” अभियान और “साड़ी बैंक” जैसी पहलें लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हुई हैं। इन अभियानों के जरिए लोगों को पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

संस्था के अध्यक्ष विनय आनन्द ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे संगठन के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि अदिति शुक्ला की यह नियुक्ति संस्था के सभी सदस्यों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और आगे भी समाज हित में ऐसे कार्यों को गति मिलेगी।

शहर के सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने भी अदिति शुक्ला को इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी है। यह उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के अभियानों को और मजबूती मिलेगी।

Related News