February 21, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
  बिठूर थाना क्षेत्र में एक युवक की हल्दी रस्म के दौरान उसकी प्रेमिका अचानक पहुंच गई। युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया और विरोध प्रदर्शन किया। इस घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, युवक और युवती के बीच पिछले लगभग दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे शादी का वादा करके शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन अब वह किसी और से शादी कर रहा है। युवती को जब युवक की दूसरी जगह हो रही शादी की जानकारी मिली, तो वह हल्दी समारोह में पहुंच गई।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पहचान होरा बांगर निवासी अनुराग सिंह यादव से करीब एक साल पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और अनुराग ने शादी का झांसा देकर कई बार उससे शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि जब भी वह शादी की बात करती, अनुराग कोई न कोई बहाना बनाकर टाल देता था।
एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों के बीच काफ़ी समय से प्रेम संबध थे। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।