March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर।
नगर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शुक्रवार की रात से दक्षिण-पश्चिमी मानसूनी हवाएं एक बार फिर सक्रिय हो गईं, जिससे क्षेत्र में उमस और अधिक बढ़ने की संभावना है।
हालांकि तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आई, बल्कि दो दिनों के अंदर दो डिग्री पारा बढ़ गया है। वातावरण में नमी के चलते लोगों को गर्मी और चिपचिपाहट का एहसास अधिक हो रहा है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने शाम तक हल्की बूंदाबांदी या बौछारों की संभावना जताई है।28 सितंबर को भी बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है और धूप की तीव्रता में थोड़ी कमी दर्ज की जा सकती है। अगले कुछ दिनों तक नरम धूप और भारी उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. पांडेय ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा की गति 1 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रही और दिशा उत्तर-पश्चिमी रही।
25 सितंबर को अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस, 26 सितंबर को 34.3 डिग्री सेल्सियस और 27 सितंबर को 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
सबसे चिंता की बात है कि वातावरण में आर्द्रता बढ़ने से हीट इंडेक्स 55 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद नुकसानदायक माना जाता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह स्थिति थकान, चक्कर, डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं को जन्म दे सकती है। लोगों को सलाह दी गई है कि गर्मी और उमस से बचने के लिए सावधानी बरतें, पानी का अधिक सेवन करें और आवश्यक न हो तो दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें।