
संवाददाता
कानपुर। नगर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। ग्रीनपार्क स्टेडियम में पहली बार भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए की टीमें आमने-सामने होंगी। इस वनडे सीरीज के लिए क्रिकेट प्रेमियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
इस सीरीज के लिए टिकट बिक्री 25 सितंबर से शुरू होगी। दर्शक टिकट 100 रुपए से लेकर 1000 रुपए तक की कीमत पर ऑनलाइन माध्यम से खरीद सकेंगे।
टूर्नामेंट के डायरेक्टर डॉ. संजय कपूर ने बताया कि 30 सितंबर, 3 और 5 अक्टूबर को तीन डे-नाइट वनडे मैच खेले जाएंगे। यह पहली बार होगा जब ग्रीनपार्क में भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए की पूरी सीरीज आयोजित होगी।
स्टेडियम की सीटिंग व्यवस्था, गैलरी और लाइट्स की तैयारियों को परखने के बाद उसमें काम शुरू कर दिया गया है।
डायरेक्टर डॉ. संजय कपूर ने बताया कि यह सीरीज ग्रीनपार्क के लिए ऐतिहासिक साबित होगी। उन्होंने कहा कि यूपीसीए और जिला प्रशासन मिलकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे, जिससे दर्शकों को बेहतर अनुभव मिल सके।
स्टेडियम की सभी दीर्घाओं में दर्शकों की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। स्टेडियम की प्रेस बॉक्स, मीडिया गैलरी और अन्य क्षेत्रों को भी मैचों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।
इन मैचों के टिकट केवल ऑनलाइन माध्यम से ही उपलब्ध रहेंगे, इसलिए दर्शकों को समय से बुकिंग करनी होगी।






