
संवाददाता
कानपुर। नगर में अक्षय कुमार कानपुरिया लुक में नजर आए। वह गले में बड़ा गमछा डाले हुए थे। जबकि अरशद वारसी वकील की ड्रेस में पहुंचे।
एक्टर अक्षय कुमार, अरशद वारसी और सौरभ शुक्ला के साथ कानपुर पहुंचे। अक्षय ने रेव मॉल में हजारों फैंस के बीच अपनी अपकमिंग फिल्म जॉली एलएलबी-3 का ट्रेलर लॉन्च किया। अक्षय को देखने के लिए फैंस वकील की ड्रेस में पहुंचे। जबकि अक्षय कुमार खुद कनपुरिया अंदाज में नजर आए। वह गले में बड़ा गमछा डाले हुए थे।
वहीं, अरशद वारसी वकील की ड्रेस में पहुंचे। सौरभ शुक्ला फॉर्मल ड्रेस में नजर आए। अक्षय-अरशद ने फैंस के बीच से सिनेमाहाल में एंट्री की। फैंस के लव यू-लव यू शोर को सुनकर अक्षय ने कहा कि थोड़ा वेट कीजिए। मैं आपके पास ही आ रहा हूं।
फिर अक्षय कुमार ने कानपुर के फेमस डग्गू के लड्डू खुद अपने हाथों से फैंस को बांटे। करीब 5000 से ज्यादा फैंस कार्यक्रम में पहुंचे हैं। अक्षय के पहुंचने से पहले फैंस ने बाइक रैली निकाली। फैंस ने जॉली स्टाइल का कानपुर का पान भी बांटा।
ट्रेलर लांच के बाद उन्होंने पत्रकारों और फैंस से बात की। उन्होंने पुलिस को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने हम सभी की सुरक्षा का ध्यान रखा।
कानपुर आकर मुझे अच्छा लगा। अब कानपुर बहुत बदल गया है। यहां भी मेट्रो आ गई है। फैंस से उन्होंने कहा कि गुटखा खाना बुरी बात है। जॉली एलएलबी-3 फिल्म की टीम रेव-3 मॉल में करीब एक घंटे तक रही। इसके बाद वो लोग मेरठ के लिए रवाना हो गए।
अक्षय की मूवी की ट्रेलर लांच को देखने के लिए रेव मॉल हजारों की संख्या में फैंस पहुंचे। एक्टर को देखने महिला अधिवक्ता भी पहुंची। अधिवक्ता पायल ने कहा कि फिल्म में जो टॉपिक लिया गया है। वह बेहद अच्छा है। इससे समाज में जागरूकता आएगी।
अक्षय जब मंच पर पहुंचे तो फैंस के बीच मौजूद कुछ लड़कियां अक्षय का नाम लेकर लव यू चिल्लाने लगीं। इस पर अक्षय ने मजाकिया अंदाज में कहा, बैठ जाओ, बैठ जाओ। पहले ट्रेलर भी देख लो।
फिल्म जॉली एलएलबी-3 की कहानी किसानों की जमीन को जबरन हड़पने की सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। फिल्म के 3 मिनट 5 सेकेंड के ट्रेलर की शुरुआत में किसान और पुलिस के बीच मुठभेड़ दिखाई गई है। इसमें दिखाया गया कि कैसे एक किसान की जमीन को जबरदस्ती हड़पा जाता है।
इसके बाद ट्रेलर में कानपुर के जॉली जी उर्फ अक्षय कुमार की एंट्री होती है। जो अपने चेंबर में असिस्टेंट से कहते हैं, कोई भी अगर जॉली को पूछने आए तो उसे मेरे पास भेज देना। वहीं दूसरा जॉली भी काम करे या न करें अपनी पेमेंट पूरी वसूलता है।
असली कलेश तब शुरू होता है, जब दोनों जॉली आमने-सामने आते हैं। जहां दोनों एक-दूसरे के क्लाइंट छीनने के पीछे लगे रहते हैं। एक तरफ जहां एक जॉली बिजनेसमैन से पैसे लेकर किसानों की प्रॉपर्टी को हड़पने का केस लड़ता है। वहीं दूसरे जॉली उर्फ अरशद वारसी किसानों को उनका हक दिलवाने के लिए उनके सामने खड़े होते हैं। इस फिल्म में अमृता राव ने वापसी की है।
जॉली एलएलबी-3 फिल्म 19 सितंबर को रिलीज हो रही है। इसमें अक्षय कुमार कानपुर के जॉली मिश्रा का किरदार निभा रहे हैं। जबकि अरशद वारसी मेरठ के जॉली त्यागी की भूमिका में हैं। जबकि सौरभ शुक्ला जज की भूमिका में हैं।
फिल्म में हुमा कुरैशी, अमृता राव और अन्नू कपूर भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। फिल्म को सुभाष कपूर ने लिखा है। साथ ही उन्होंने इसका निर्देशन भी किया है। फिल्म के प्रोड्यूसर आलोक जैन और अजित अंधेरे हैं। यह फिल्म जॉली एलएलबी सीरीज का तीसरा भाग है।
इससे पहले जॉली एलएलबी साल 2013 में रिलीज हुई थी। इसमें अरशद वारसी, बोमन ईरानी, अमृता राव और सौरभ शुक्ला थे।
इसका दूसरा पार्ट साल 2017 में रिलीज हुआ था। इसमें अक्षय कुमार, हुमा कुरैशी, अन्नू कपूर और कुमुद मिश्रा जैसे एक्टर नजर आए थे।
कानपुर के बाद आज शाम को मेरठ में फिल्म का ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम है। वहां भी तीनों कलाकर जाएंगे। इससे पहले, तीनों कलाकर मुंबई से चकेरी एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से सीधे रेव-3 सिनेमाघर आए।






