—तपती धूप से बेहाल हुए शहरवासी, फिलहाल बारिश की संभावना नहीँ।

संवाददाता
कानपुर। अगस्त का आखिरी सप्ताह चल रहा हैं, उमस भरी गर्मी लोगों को बेहाल कर रही हैं। ऐसे में एक बार फिर से लोग बरसात का इंतजार कर रहे हैं। हालाकि मौसम विशेषज्ञों की माने तो हल्की बूंदी बांदी ही हो सकती है।
दिनभर उमस और चिपचिपी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, जबकि शाम होते ही हल्की ठंडी हवाएं राहत का एहसास तो कराती हैं, लेकिन पर्याप्त वर्षा न होने से तापमान में खास गिरावट नहीं आ पा रही है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हवा की औसत गति 1.5 किलोमीटर प्रति घंटा रही। शहर में आर्द्रता का स्तर 93 प्रतिशत तक पहुंचने के कारण उमस ने लोगों को बेहाल किया। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की सक्रियता कमजोर पड़ने से फिलहाल जोरदार वर्षा की संभावना नहीं है।
मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और मध्यप्रदेश में बने दबाव क्षेत्रों के कारण उत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि कानपुर समेत आसपास के इलाकों में फिलहाल भारी बारिश की संभावना नहीं है।
शहर के लोग बारिश की आस में आकाश की ओर टकटकी लगाए हुए हैं। दिन में तेज धूप लोगों को परेशान कर रही हैं।






