
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर तहसील स्थित ग्राम पंचायत मदारा राय गुमान में जल जीवन मिशन के तहत पाइप लाइन बिछाने के लिए 15 साल पुरानी सीसी रोड खोद दी गई। इससे पिछले 6 महीने से लोगों का आवागमन बाधित है।
बदन निवादा से मदारा गांव तक की सड़क पर 2 से 3 फीट गहरे गड्ढे बन गए हैं। इस कारण स्कूली बच्चों को 2 किलोमीटर की जगह 8 किलोमीटर का लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। स्कूली वाहनों का आना-जाना भी बंद हो गया है। इंजीनियर अभिषेक वर्मा ने बताया कि अभी सड़क का बजट पास नहीं हुआ है बजट पास होते ही ग्रामीणों को नई सड़क मिलेगी।
ग्रामीण शिवशंकर वर्मा, सीताराम, राहुल, जयशिव, मुन्ना, लल्लू और सुनील कुमार ने बताया कि कई वाहन चालक गड्ढों में गिरकर घायल हुए हैं। जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन का काम पूरा हो चुका है। लेकिन अधिकारी टूटी सड़क की मरम्मत नहीं करवा रहे हैं।
ग्रामीणों ने कई बार ठेकेदार से संपर्क किया। मगर उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इस स्थिति से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।






