August 4, 2025

संवाददाता
कानपुर।
  भाऊपुर स्टेशन यार्ड में शुक्रवार शाम को मुजफ्फरपुर-साबरमती जनसाधारण एक्सप्रेस के दो कोच पटरी से उतर गए। इस दुर्घटना में 2 यात्री गंभीर रूप से और 3 यात्री साधारण रूप से घायल हुए।
मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने भाऊपुर स्टेशन यार्ड के लूप लाइन नंबर 4 के पॉइंट नंबर 4 पर हुई दुर्घटना का बारीकी से अध्ययन किया। 

इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल, उप मुख्य यातायात प्रबंधक कानपुर आशुतोष सिंह, मंडल इंजीनियर आयुष सिंह और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक रविन्द्र प्रसाद भी मौजूद थे।
रेलवे प्रशासन ने सभी घायल यात्रियों को नियमानुसार अनुग्रह राशि प्रदान की है। रेल संरक्षा आयुक्त ने घटनास्थल के निरीक्षण के बाद न्यू कोचिंग कॉम्प्लेक्स कानपुर में लाए गए क्षतिग्रस्त कोचों का भी निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने हैलट कानपुर जाकर घायल यात्रियों से मुलाकात की।
मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना 5 अगस्त 2025 को सुबह 10:30 बजे से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय प्रयागराज के संकल्प हॉल में इस दुर्घटना की सांविधिक जांच करेंगे।