March 11, 2026

संवाददाता

कानपुर। चकेरी थानाक्षेत्र में कार का पहिया पंचर होने की बात कहकर कुछ युवकों ने कार से बैग में रखे 6.30 लाख रुपए पार कर दिए। कार का पहिया पंचर न होने पर जब कार चालक वापस गाड़ी में बैठा, तो देखा कार में जो बैग रखा था, वह गायब है। इसके बाद पीड़ित को पता चला कि ये करतूत उन युवकों की ही है। पीड़ित ने चकेरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

अन्ना चौराहा सनिगवां रोड, विमानपुर पुरी निवासी अनिरूद्ध गुप्ता ने बताया कि मैं काम से जा रहा था। रामादेवी चौराहे के पास पहुंचा ही था। तभी कुछ लोग उनकी कार के पास आए और कार का पहिया पंचर होने की बात कहने लगे। वे पहिया देखने के लिए कार से उतरे।
इसी दौरान कार की पिछली सीट पर रखा बैग टप्पेबाजों ने पार कर दिया। 

पीड़ित अनिरुद्ध गुप्ता ने बताया कि कार में रखे 6.30 लाख रुपए, रजिस्टर्ड एग्रीमेंट के साथ कई जरूरी कागजात गायब हुए है। पीड़ित ने मामले की शिकायत चकेरी थाने में दर्ज करवाई है। 

चकेरी इंस्पेक्टर संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।