August 8, 2025

संवाददाता

कानपुर।  बिल्हौर में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बिल्हौर थाना क्षेत्र के खुर्द खोजनपुर गांव के सोनेलाल धान की बेड़ उखाड़ने के लिए निकले थे। वह रात तक घर नहीं लौटे। गुरुवार सुबह मोहम्मदपुर गांव के पास सुरेन्द्र कटियार के खेत में उनका शव मिला। शव की सूचना सुबह शौच के लिए निकली महिलाओं ने दी। शव के सिर और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं।
घटनास्थल से 300 मीटर दूर खून से सना डंडा और शराब की बोतलें मिली हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ लोगों ने पहले ही शव देखा था। लेकिन पुलिस के चक्कर से बचने के लिए किसी को सूचना नहीं दी। 

सूचना मिलते ही एसीपी अमरनाथ यादव, कोतवाल अशोक कुमार सरोज और अरौल थाना प्रभारी जनार्दन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
मृतक के परिवार में पत्नी छुन्नी देवी, बेटा आकाश और चार बेटियां नेहा, गोल्डी, संध्या व कंचन हैं। परिजनों ने सोनेलाल की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

एसीपी ने बताया कि परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। जांच की जा रही है। हालांकि मृतक के शरीर पर चोट के निशान हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।