December 7, 2025

संवाददाता
कानपुर।
अगले 24 घंटे के अंदर मध्यम बारिश होने की उम्मीद जताई गई है। अभी उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। अगर पिछले दो दिन की बात करें तो तापमान में लगभग 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंगलवार को जहां 32.4 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया था तो वही बुधवार को 34.8 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज हुआ है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडे ने बताया कि इन दिनों हवा की औसत गति 6.1 किमी प्रति घंटा है। हवा की दिशा दक्षिण से पूर्व की ओर चल रही है। पिछले 24 घंटे के अंदर 48.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 4 दिनों मे हल्के बादल रहने के कारण 17 से 20 जुलाई के मध्य तेज हवाओं, गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम वर्षा रहने की संभावना है।
डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि एक अच्छी तरह से चिन्हित निम्न दबाव का क्षेत्र वर्तमान में पूर्वोत्तर राजस्थान और उससे सटे उत्तर पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश पर स्थित है। इसके पश्चिम-उत्तर दिशा में उत्तर राजस्थान की ओर धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है।
एक डिप्रेशन झारखंड और उससे सटे क्षेत्रों में स्थित है, जो लगभग 24 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 86.7 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास है। यह प्रणाली पश्चिम-उत्तर दिशा में झारखंड और दक्षिण बिहार होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ सकती है।
मानसून टर्फ समुद्र तल पर अब बीकानेर, उत्तरी राजस्थान के मध्य हिस्सों में स्थित निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र, ग्वालियर, प्रयागराज और डिप्रेशन के केंद्र से होकर गुजर रही है।
उन्होंने बताया कि हल्की से मध्यम बारिश सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तर बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पूर्वी राजस्थान, गुजरात क्षेत्र, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ के कुछ हिस्सों और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में संभव है।