
संवाददाता
कानपुर। प्रयागराज जा रही एक तेज रफ्तार वैगनआर कार ने महाराजपुर क्षेत्र के हाईवे पर बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल में मौत हो गई।
साढ़ के परौली गांव के किसान सुनील कुमार अपनी पत्नी पूनम के साथ बाइक से महाराजपुर थाना क्षेत्र के लख्खापुरवा गांव जा रहे थे। उनकी पत्नी के मायके में एक पारिवारिक सदस्य दयाराम की मौत हुई थी।
बौसर और लख्खापुरवा के बीच हाईवे पर एक तेज रफ्तार वैगनआर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
पुलिस ने घायल दंपति को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान पूनम की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों का कहना है कि दुर्घटना में शामिल कार किसी डॉक्टर की है।
महाराजपुर थाना प्रभारी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि कार की तलाश जारी है। परिजनों की शिकायत पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।