February 11, 2026

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  हनुमंत विहार क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता ने अपना दर्द बताया है कि मेरा पति गरीब लड़कियों को पैसे के जाल में फंसाता है। उनसे संबंध बनाता है और फिर पैसे देकर उनका मुंह बंद करा देता है। उसने मेरे होते हुए एक दूसरी महिला से संबंध बनाकर बच्चा पैदा कर लिया और अब उसे अपनी पत्नी बताता है।

पीड़िता ने अपने पति समेत अन्य ससुराल वालों के खिलाफ हनुमंत विहार क्षेत्र में एफआईआर दर्ज करा दी है। पुलिस के मुताबिक मामले में जांच की जा रही है।
पीड़ित महिला के मुताबिक उसकी शादी 18 अप्रैल 2018 को हुई थी। पीड़िता के मुताबिक पति और ससुराल वाले महिला को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। इसी दौरान महिला को एक बच्चा हुआ। जो वर्तमान में छह साल का है।
पीड़िता के मुताबिक जब मामला सिर से ऊपर हो गया तो उसने कानपुर कोर्ट में भरण-पोषण और घरेलू हिंसा का एक वाद दाखिल कर दिया। इसपर पति ने सन 2022 में तलाक का मुकदमा दाखिल कर दिया।
पीड़िता के मुताबिक पति की ज्वैलरी की बड़ी दुकान है और शहर में चार घर है। पति ने कई लड़कियों का जीवन बर्बाद किया है। वो नई नई लड़कियों को अपने चंगुल में फंसाकर उनका शारीरिक शोषण कर कुछ धन देकर बच जाता है।
पति अपना वैभव दिखाकर गरीब लड़कियों को फंसा लेता है। उनके विरोध करने पर उनको धन देकर बचता रहता है। पीड़िता के मुताबिक इसी तरह उसने नौबस्ता की एक युवती को फंसाया और दोनों के बच्चा पैदा हो गया।
पीड़िता के मुताबिक जब उसने इसका विरोध किया तो पति ने कहा कि मैने इससे विवाह कर लिया है। यही मेरी लीगल पत्नी है।  तुमसे शादी मैने माता पिता के दबाव में आकर की थी। तुम मुझे कभी पसंद ही नहीं थी।
पीड़िता के मुताबिक एक वैवाहिक पत्नी के रहते पति ने दूसरा विवाह कर रखा है और लगातार धमकी दे रहा है कि दो लाख रुपए नहीं दिए और सारे मुकदमे वापस नहीं लिए तो जान से मार दूंगा।
पीड़िता के मुताबिक पति ने धमकी देते हुए कहा कि दस लाख रुपए अपने दोस्त को देकर तुम्हें और तुम्हारे बेटे को जान से मरवा देंगे जो कि एक्सीडेंट जैसा ही दिखेगा। 

एसओ हनुमंत विहार उदय प्रताप सिंह के मुताबिक पीड़िता की तहरीर पर पति समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले में जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

Related News