August 3, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
वैशाख के महीने में ही जेठ महीने की तपती  दोपहरी का एहसास इस बार की गर्मी ने कराना शुरू कर दिया है।मौसम विभाग के मुताबिक शहर 25 अप्रैल से प्रचंड गर्मी के आगोश में रहेगा। सोमवार को सूर्य ने आग उगलना शुरू कर दिया दोपहर 1 बजे तक पारा 45 डिग्री को पार कर गया, जिससे लोगों को धूप में निकलने के लिए खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शहर में सुबह से ही लोगों को गर्म हवाओं ने परेशान किया। गर्मी होने के चलते शहर की सड़कों पर लोग कम निकले। धूप में निकलने वाले लोगों को गर्मी ने बेहाल कर दिया। तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों से परेशान लोग छांव तलाशते रहे। 10.7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही तेज हवाओं ने गर्म थपेड़ों का काम किया। अप्रैल के मध्य में ही अधिकतम पारा 45 पर पहुंच गया है। लोग बातें करते रहे कि यही हाल रहा तो मई-जून में क्या होगा। 

मौसम में लू का कहर शुरू हो गया है। इस सीजन में पहली बार 45 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक 25 अप्रैल तक लू का सितम जारी रह सकता है। दक्षिणी पश्चिमी हवाओं के आने से गर्मी अचानक से बढ़ गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक कानपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आगे भी अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी जारी रह सकती है।
वहीं न्यूनतम तापमान में भी 5.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अब लोगों को भीषण गर्मी के लिए तैयार रहना होगा।
मौसम विभाग ने कानपुर में बीते 2 दिनों में आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया था। लेकिन बीते 2 दिनों में बारिश और आंधी नहीं चली। हालांकि तेज हवाएं चलती रही। नगर में 10.7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चली। अगले 5 दिनों तक मौसम बिल्कुल साफ रहेगा। 

Related News