आ. सं.
कानपुर। नवाबगंज में मैट्रिमोनियल साइट से बेटी के लिए लड़का ढूंढना एक परिवार के लिए मुसीबत बन गया। जब लड़का बेरोजगार निकला तो परिजनों ने शादी करने से इनकार कर दिया। मगर लड़के ने फोन पर बात कर लड़की को अपने प्यार के झांसे में फंसा लिया। इसके बाद लड़की को लेकर भाग निकला।
परिवार के लोगों ने लड़के और उसके परिवार के खिलाफ नवाबगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस की टीमें आरोपी लड़के और लड़की की तलाश में लगी हैं।
नवाबगंज थाना क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार ने नवाबगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित परिवार के मुताबिक उनकी बेटी 28 साल की है। परिवार ने मैट्रिमोनियल साइट से अपनी बेटी की शादी के लिए लड़के की तलाश शुरू की। मैट्रिमोनियल साइट से एक लड़के से संपर्क हुआ। लड़की के घर वाले लड़के से संपर्क होने के बाद परिवार समेत उसे देखने के लिए उसके घर गए थे।
लेकिन लड़के के बेरोजगार होने और घरवालो की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण शादी करने से मना कर दिया था। परिवार के मना करने के बाद भी लड़का उनकी बेटी से बात करता रहा और उसे अपने झांसे में ले लिया। जबकि पूरा परिवार बेटी की शादी के खिलाफ था।
इसके बाद शातिर युवक प्रेम जाल में फंसाकर उनकी बेटी को लेकर भाग निकला। काफी तलाश करने के बाद भी बेटी सहित लापता लडके का कोई सुराग नहीं मिला।
डीसीपी सेंट्रल दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले में आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोनों की तलाश में पुलिस की टीमों को लगाया गया है।