कानपुर। गोविन्द नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक ने क्षेत्रीय जनता के निवास और आवास को बचाने का संकल्प ले लिया है। उन्होने प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट सबके सिर पर छत के सपने को तोडने नही देने का संकल्प याद दिलाते हुए अधिकारियों को क्षेत्र में कहीं भी बुलडोजर न चलाने की चेतावनी दे डाली है। उन्हो्ने कहा कि अधिकारी केन्द्र व प्रदेश सरकार को बदनाम करने की साजिश को प्राथमिकता देने का काम कर रहे हैं जो वह अपने कार्यकाल में तो होने नहीं देंगे।उन्होंने सिंचाई विभाग के इन्जीनियर को फोन पर चेतावनी दी है कि उनके क्षेत्र में रहने वाली गरीब जनता के आवास पर बुलडोजर को चलाने की इजाजत किसी कीमत पर भी नही देंगे। बतातें चलें कि सरायमीता पनकी साइट नंबर-3 में हाइवे किनारे बने कच्चे पक्के मकान और दुकान को तोडने के लिए बुलडोजर पहुंचे थे। क्षेत्र में पौधारोपण की वजह से सोमवार को नगर निगम का बुलडोजर यहां गरजने वाला था। लेकिन, शनिवार को सूचना पर गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी मौके पर पहुंचे और बीच का रास्ता निकाला। विधायक ने मौके पर पहुंचकर नगर आयुक्त से वार्ता की। कहा कि एक किलोमीटर में प्लांटेशन न कर हाइवे किनारे इसका दायरा बढ़ा दिया जाये। नगर आयुक्त ने कहा कि अभी दो किलोमीटर में प्लांटेशन होगा, फिलहाल बस्तियां नहीं टूटेंगी इस पर सहमति बन गई है। नगर निगम को सरायमीता में पौधरोपण करना है। इस अभियान में यहां बनी अनाधिकृत बस्तियां बाधा बनी हैं। इसको देखते हुये नगर निगम प्रशासन ने यहां के मकानों, दुकानों पर नोटिस चस्पा कर कहा था कि सोमवार को बुलडोजर की कार्रवाई होगी। नगर निगम प्रशासन यह जगह खाली करने के लिए माइक से एनाउंसमेंट भी करवा रहा था।
जानकारी मिलने पर शनिवार को विधायक मैथानी मौके पर पहुंचे तो यहां लोग उन्हें दुखड़ा सुनाने लगे। पता चला कि इस क्षेत्र में नगर निगम की ओर से पौधे रोपे जाने हैं, लोगों ने विधायक को बताया कि हाईवे से काफी हटकर इस जगह पर प्लांटेशन कराया जा रहा है। विधायक ने नगर आयुक्त सुधीर कुमार से फोन पर बात की। विधायक ने प्लांटेशन पर सहमति जताई, साथ ही सुझाव दिया कि यहां एटूजेड का कूड़ा डंप स्थल है। यहां से लगभग 4 किलोमीटर का पूरा क्षेत्र खाली पड़ा है। इस पर प्लांटेशन किया जा सकता है। इससे वृक्षारोपण का मकसद भी पूरा हो जाएगा और तमाम परिवार उजड़ने से भी बच जाएंगे। विधायक ने कहा कि यह समझ से परे है कि नगर निगम इस चार किलोमीटर एरिया को छोड़कर इस एक किलोमीटर के दायरे में ही वृक्षारोपण पर क्यों अड़ा है।नगर आयुक्त ने विधायक को भरोसा दिया कि हम फिलहाल पौधरोपण के कार्य को दो किलोमीटर के दायरे में ही करेंगे। आगे-पीछे यहां भी पौधे रोपते रहेंगे, जहां लोगों के मकान और दुकान हैं, पर पौधरोपण के समय ऐसा रास्ता बना दिया जाएगा, जिससे यहां बसे लोगों को कोई नुकसान नहीं होगा।