
संवाददाता।
कानपुर। नगर मे अब दिल के मरीजों को वरिष्ठ सर्जन से परामर्श लेने के लिए दिल्ली का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। दिल्ली के बीएलके-मैक्स हॉस्पिटल और मरियमपुर अस्पताल के बीच एक समझौता हुआ है। इस समझौते के तहत अब बीएलके मैक्स हॉस्पिटल के डॉ. रामजी मेहरोत्रा हर माह के चौथे शनिवार को शहर आएंगे और ओपीडी में आने वाले मरीजों को परामर्श देंगे। डॉ. रामजी ने कहा कि कानपुर से दिल के बहुत मरीज आते है। ऐसे में सोचा क्यों न कोई ऐसा प्लेटफार्म तैयार किया जाए, जिसके माध्यम से मरीजों को परामर्श उनके शहर में ही मिल सके। इसके लिए मुझे मरियमपुर हॉस्पिटल सबसे अच्छा लगा। यहां पर हम लोग मिलकर मरीजों को परामर्श देंगे। डॉ. राम जी ने कहा कि युवाओं में अटैक का खतरा अब काफी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि इसमें कितनी संख्या बढ़ी यह बता पाना तो मुश्किल होगा क्योंकि अभी तक इसमें मैंने शोध नहीं किया है, लेकिन अचानक से होने वाली मौत का आंकड़ा जरूर बढ़ गया है। कोरोना काल के बाद से जो भी मरीज अस्पताल में आ रहे है उनमें चौंकाने वाली चीजें देखने को मिल रही है। उन्होंने बताया कि मरीजों में अब अधिक क्लॉटिंग की शिकायत देखने को मिल रही है। इसके अलावा दिल बहुत तेजी से कमजोर हो रहा है। फेफड़े भी कमजोर हो रहे है। इसके पीछे का कारण हम कोरोना को नहीं कह सकते हैं। लेकिन यह है कि यदि हम अपनी लाइफस्टाइल को बेहतर करें तो बहुत सी चीजें बदल सकती है। उन्होंने कहा कि हर दर्द अटैक नहीं होता है। यदि हमारे सीने में दर्द हो रहा है और आराम करने पर वह कम हो जाता है तो समझे दिल की कोई दिक्कत है। यदि आराम करने पर भी कम नहीं होता है तो समझ लीजिए कोई और परेशानी है।










