संवाददाता।
कानपुर। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से बुधवार को खेले गए अंडर-19 के ट्रायल मैचों में केसीए-ए और केसीए-एफ ने जीत दर्ज की।एचएएल मैदान पर केसीए-ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर में छह विकेट पर 209 रन बनाए। इसमें ब्रजेश ने 61 व अंकज शर्मा ने 42 रन बनाए। गेंदबाजी में उत्कर्ष यादव ने तीन को आउट किया। जवाब में केसीए-डी की टीम 38 ओवर में सात विकेट पर 193 रन ही बना सकी। इसमें यशवीर सिंह ने 51 व विराट सिंह ने 43 रन बनाए। विजयी टीम से आदर्श सिंह ने तीन, आलोक साहू ने दो को आउट किया। केसीए-ए ने 16 रन से मैच जीता। दूसरे मैच में केसीए-एफ ने 34.5 ओवर में नौ विकेट पर 190 रन बनाए। इसमें ब्रजेंद्र सिंह ने 51 व शौयप्रताप ने 46 रन जोड़े। गेंदबाजी में सार्थक सिंह ने तीन, अमन दुबे व सुयश मिश्रा ने दो-दो को आउट किया। जवाब में केसीए-एच की पूरी टीम 34.5 ओवर में 162 रन पर ऑलआउट हो गई। इसमें सुधांशु चौरसिया ने सर्वाधिक 49 रन बनाए, तो गेंदबाजी में प्रभाकर दुबे ने चार, अक्षत तिवारी ने दो को आउट किया। यह जानकारी केसीए के सचिव कौशल कुमार सिंह ने दी।










