
संवाददाता।
कानपुर। अप्रैल माह में ही हीट एग्जॉशन के मरीज अस्पतालों में पहुंचने लगे है। कानपुर का पारा जैसे ही 40 डिग्री के पार पहुंचा वैसा ही मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी। ओपीडी में पिछले एक हफ्ते से हीट एग्जॉशन के मरीज आने लगे हैं। ऐसे में डॉक्टरों का कहना है कि इस बार गर्मियों में लोगों को ज्यादा ध्यान देने की जरूरत होगी। घर से बाहर निकलते समय कुछ चीजों का ध्यान जरूर रखे। इसको लेकर एक्सपर्ट ने कुछ टिप्स भी दिए है। कानपुर मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के डॉ. जेएस कुशवाहा ने बताया कि इन दिनों ओपीडी में हीट एग्जॉशन के मरीज आने लगे है। शहर का पारा जैसे ही 40-42 पहुंचा वैसे ही मरीजों में दिक्कत देखने को मिल रही है। मरीजों ने यदि घरेलू उपचार किया या कोई लापरवाही बरती तो उन्हें ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जो लोग धूप में ज्यादा देर तक बाहर रहते है उनमें इस तरह की दिक्कत ज्यादा आ रही है। इसमें कोई आयु सीमा नहीं है। मरीज पैरो और जोड़ों में दर्द की शिकायत, बार-बार मुंह सूखना, कमजोरी महसूस करना, चक्कर आना आदि समस्याएं हो रही हैं। इसमें मरीजों को बुखार भी आ रहा है। डॉ. कुशवाहा ने बताया कि अभी सिर्फ हीट एग्जॉशन के ही मरीज आ रहे है। इसके अलावा हीट स्ट्रोक के अभी तक एक भी मरीज नहीं आए है। अगर इन सब से बचना है तो घर से निकलते समय पानी भरपेट पिए। इसके अलावा शरीर में पानी की कमी न होने दे। शरीर से पसीने के माध्यम से पानी निकलता रहता है। इस लिए पानी खूब पिए। इसके अलावा आम का पना, नीबू पानी, लस्सी, मट्ठा का भी सेवन जरूर करें, ताकि शरीर में नमक की मात्रा कम न हो। डॉ. कुशवाहा ने बताया कि जैसे ही मरीजों को शुरुआती लक्षण दिखने लगे जैसे पैरो में दर्द, जोड़ों में दर्द आदि समस्या आए तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेकर उपचार शुरू कर दें। अगर उपचार लेने में देरी की तो शरीर में कमजोरी आने लगेगी, जैसे-जैसे कमजोरी बढ़ती जाएगी वैसे-वैसे शरीर में और भी कई तरह की दिक्कतें शुरू हो जाती है।










